लखनऊ में देर रात से तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। आसमान में बादल छाए हैं। 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चल रही हैं। इसके चलते गलन बढ़ गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के आसपास बना रहेगा। दिन में भी बादल छाए रहने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा। अधिकतम आर्द्रता 88 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 38 फीसदी रही है। तापमान में होगी गिरावट पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के कारण उत्तर-पाकिस्तान में बने शक्तिशाली निम्नदाब क्षेत्र ने उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में बारिश कराई। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के पूर्वी और मध्य भागों में भी 24 जनवरी सुबह तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। अगले 48 घंटों में आसमान साफ होने से न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री की गिरावट आएगी, जबकि अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। 27 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय मध्य यूपी में सुबह न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री बढ़ सकता है, उसके बाद अगले 48 घंटे में 3-5 डिग्री की गिरावट दर्ज होगी। 27 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 28 जनवरी तक बारिश का दौर फिर शुरू हो जाएगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में दोबारा 2-4 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। लखनऊ समेत अन्य जिलों में ठंड बढ़ने की चेतावनी है। 22 जनवरी की रात से शुरू हुई छिटपुट बूंदाबांदी के बाद बीती रात पश्चिमी यूपी में न्यूनतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, लेकिन दिन में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली झोंकेदार हवाओं के साथ तेज बारिश ने अधिकतम तापमान को 10 डिग्री तक लुढ़का दिया।


