‘इजराइल सिर्फ भारत की सुनेगा’, ईरान युद्ध के बीच अमेरिकी कर्नल का बड़ा बयान, पाक की मध्यस्थता का उड़ाया मजाक

‘इजराइल सिर्फ भारत की सुनेगा’, ईरान युद्ध के बीच अमेरिकी कर्नल का बड़ा बयान, पाक की मध्यस्थता का उड़ाया मजाक

ईरान युद्ध के बीच अमेरिका के पूर्व सैन्य अधिकारी ने पाकिस्तान का खुलकर मजाक उड़ाया है। युद्ध सलाहकार और अमेरिकी सेना के पूर्व कर्नल डगलस मैकग्रेगर (सेवानिवृत्त) ने पाकिस्तान की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया है।

दरअसल, पाकिस्तान पश्चिम एशिया संकट में बातचीत की भूमिका निभाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन कर्नल मैकग्रेगर का कहना है कि वह खुद गंभीर आंतरिक चुनौतियों का सामना कर रहा है और इजराइल उसे निष्पक्ष नजर से नहीं देखेगा।

आंतरिक मुश्किलों का सामना कर रहा पाक

कर्नल मैकग्रेगर ने डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के पहले कार्यकाल में अमेरिकी रक्षा सचिव के सलाहकार के रूप में काम किया था। उन्होंने एएनआई से बात करते हुए कहा कि पाकिस्तान आंतरिक मुश्किलों का सामना कर रहा है। उसकी आर्थिक स्थिति भी डावाडोल हो चुकी है।

इस बीच, कर्नल ने सुझाव दिया कि भारत विभिन्न भू-राजनीतिक गुटों के साथ अपने कूटनीतिक संबंधों के कारण बातचीत को आगे बढ़ाने में एक विश्वसनीय भूमिका निभा सकता है।

खुद जलती हुई इमारत फंसा है पाक

कर्नल ने कहा- पाकिस्तानियों का मदद की पेशकश करना कुछ-कुछ ऐसा है, जैसे कोई आदमी खुद एक जलती हुई इमारत में फंसा हो और आपको उसी इमारत में एक खाली कमरा देने की पेशकश करे। इजराइली किसी भी तरह से, किसी भी रूप में पाकिस्तान को निष्पक्ष नहीं मानेंगे।

उन्होंने आगे कहा- वे पाकिस्तान को समस्या का ही एक हिस्सा मानेंगे। आप युद्ध खत्म करने के लिए कोई समझौता करने की कोशिश में पाकिस्तान के इस्लामाबाद क्यों जाएंगे? यह असंभव है। मुझे तो यह बिल्कुल बेतुकी बकवास लगती है।

पाकिस्तान जाने की बात पर हंसने लगेंगे इजराइली

कर्नल ने कहा कि पाकिस्तान के सामने बहुत बड़ी समस्याएं हैं। कर्नल मैकग्रेगर ने कहा- आर्थिक रूप से, वे दिवालिया हो चुके हैं। कर्नल मैकग्रेगर ने कहा कि इस बात की संभावना कम ही है कि इजराइल, पाकिस्तान की अगुवाई में होने वाली मध्यस्थता की कोशिशों पर भरोसा करेगा।

उन्होंने कहा- अगर इजराइली को यह सुनने को मिले कि उन्हें किसी मीटिंग के लिए इस्लामाबाद जाना है, तो मुझे लगता है कि वे इस बात पर हंस देंगे। यह तो बेतुकी बात है। हम उन लोगों की कही किसी भी बात पर क्यों भरोसा करें?

भारत की तारीफ में क्या बोले कर्नल?

वहीं, इंडिया की तारीफ करते हुए अमेरिकी कर्नल ने कहा- भारत के मामले में ऐसा नहीं है। भारत अभी बहुत अच्छी स्थिति में है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसी स्थिति में हैं कि वे सचमुच मदद, समर्थन और सहयोग दे सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया भर में उनका बहुत सम्मान है और कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं के साथ उनके अच्छे कामकाजी संबंध हैं।

अमेरिकी कर्नल ने पीएम मोदी को बताया बेहतर नेता

कर्नल ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी एक ऐसे व्यक्ति हैं जिनका पूरी दुनिया में बहुत सम्मान और भरोसा है। वह एक ऐसे व्यक्ति हैं जो मॉस्को में (रूसी राष्ट्रपति) व्लादिमीर पुतिन के साथ भी पूरी तरह सहज रहते हैं। वह तेहरान के नेतृत्व से भी आराम से बात कर लेते हैं। हाल ही में वह इजराइल गए थे और इजराइली भी उनके साथ सहज महसूस करते हैं। हम भी भारत के साथ सहज महसूस करते हैं।

पीएम मोदी से अमेरिकी कर्नल ने क्या की अपील?

कर्नल ने कहा- मैं प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह करूंगा कि वे अपने सलाहकारों से बात करें और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन करें। मुझे लगता है कि अगर भारत हिंद महासागर और उसके आस-पास के इलाकों में अपना प्रभाव और ज्यादा बढ़ाए, तो यह हमारे लिए बेहतर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *