Strait of Hormuz Closed: अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर (US-Iran Ceasefire) समझौते के बाद इजरायल ने लेबनान पर कई घातक हमले किए। इजरायल के हमलों में लेबनान में बड़ा नुकसान हुआ है और कई लोगों के मारे जाने की खबर है। इजरायल की सैन्य कार्रवाई के विरोध में ईरान ने सख्त एक्शन लिया है।
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में कई जहाजों को रोका
लेबनान पर हमला करके इजरायल द्वारा सीजफायर का उल्लंघन करने के बाद ईरान ने करारा जवाब दिया है। फार्स न्यूज के अनुसार, इजरायल की कार्रवाई से नाराज ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट फिर से बंद कर दिया है। इसके साथ ही ईरान ने इस रास्ते में कई जहाजों को रोक दिया है।
लेबनान में 10 मिनट में 100 हवाई हमले हुए
ईरान-अमेरिका सीजफायर (Iran-US Ceasefire) की घोषणा का बाद इजरायल ने लेबनान पर घातक हमले किए। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, इजराइली सेना ने लेबनान के कई इलाकों में हमले किए। इजरायली सेना ने लेबनान में करीब 10 मिनट में 100 हवाई हमले किए। इजरायली सेना ने पहले दक्षिणी लेबनान से रॉकेट दागे, इसके बाद इजराइल ने अन्य इलाकों में हमला किया।
लेबनान में सीजफायर लागू नहीं
ईरान-अमेरिका सीजफायर की घोषणा के बाद इजराइल की ओर से साफ कहा गया कि युद्ध विराम की डील केवल ईरान के साथ हुई है, लेबनान पर यह लागू नहीं होता है। इजरायल के इस बयान के बाद लेबनान पर आक्रामक हमले किए गए। इजरायल का कहना है कि यह सीजफायर केवल ईरान पर लागू होता है। इसलिए इजरायल लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमले जारी रखेगा।
लेबनान पर हमले के बाद ईरान की चेतावनी
लेबनान में हमले के बाद ईरान ने चेतावनी दी है। ईरान ने कहा कि यह कदम सिर्फ इजरायल और अमेरिका के खिलाफ है, लेकिन सभी जहाजों को सतर्क रहना होगा। ईरान ने आगे कहा कि अगर हमले जारी रहे तो जवाबी कार्रवाई और भी तेज होगी।
होर्मुज स्ट्रेट बंद करने से क्या होगा?
होर्मुज स्ट्रेट फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है। यह विश्व के सबसे प्रमुख तेल परिवहन मार्गों में शामिल है। यहां से विश्व का 20% तेल-गैस का परिवहन होता है। होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से वैश्विक स्तर पर क्रूड ऑयल और गैस की सप्लाई का असर होगा। इस मार्ग से तेलवाहक जहाजों का आवागमन बंद होता है तो वैश्विक स्तर पर इसका प्रभाव होगा। होर्मुज स्ट्रेट की चौड़ाई 33 किलोमीटर (21 मील) है, लेकिन जहाजों के आने-जाने के लिए उपलब्ध रास्ता और भी संकरा है।


