Israel-Iran War: अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर शनिवार 28 फरवरी को हमला किया, जिससे तनाव पूरे मध्य पूर्व में बढ़ता दिख रहा है। इसके जवाब में ईरान ने बहरिन में इजरायल और अमेरिका की मिलिट्री फैसिलिटी पर हमला किया है। इसी बीच ऐसी खबरें है कि, दुबई, अबू धाबी, कतर और कुवैत में भी धमाकों की खबरें सामने आई हैं।
तनाव के बीच ये डरावना वीडियो
दुबई में अपने परिवार से मिलने आए साउथ इंडियन एक्टर विष्णु मंचू ने इस तनाव के बीच एक डरावना वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। दरअसल, इस वीडियो में आसमान में सिर के ऊपर से मिसाइलों को उड़ते हुए देखा जा सकता है और धमाकों की आवाजें साफ सुनाई दे रही हैं। एक्टर का घर, धरती हिलने जैसी आवाजों से गूंज रहा था, जिससे उनकी बेटी भी बहुत डरी हुई नजर आई।
इतना ही नहीं, विष्णु मंचू ने अपने पोस्ट में लिखा, “आज रात दुबई में परिवार से मिलने आया हूं। आसमान में मिसाइलें दिख रही हैं। तेज आवाजों से हमारा घर हिल गया और मेरी बेटी आयरा बहुत डर गई है। मैं शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। कोई बच्चा भी अपनी छत के ऊपर युद्ध की आवाज सुनते-सुनते बड़ा न हो।” उन्होंने आगे लिखा, “आम लोगों की सुरक्षा के लिए यूएई की रक्षा बलों का शुक्रगुजार हूं। ऐसे समय हमें जिंदगी की नाजुकता का एहसास होता है। मैं ताकत और शांति की कामना करता हूं, हर हर महादेव।”
फैंस ने एक्टर की सलामती के लिए मांगी दुआ
इस पोस्ट पर फैंस ने एक्टर की सलामती की दुआएं मांगी हैं और उनकी सुरक्षा के लिए चिंता जताई है। ये वीडियो ये दर्शाती हैं कि कैसे हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं और आम लोग भी इस तनाव से बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।


