‘क्या यह बलात्कार से कम है…,’ लक्ष्मी नगर में बेटे के साथ बर्बरता पर मां ने बयां किया दर्द

‘क्या यह बलात्कार से कम है…,’ लक्ष्मी नगर में बेटे के साथ बर्बरता पर मां ने बयां किया दर्द

पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके से कानून-व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक जिम के विवाद को लेकर दबंगों ने न केवल एक कारोबारी और उसके परिवार की बेरहमी से पिटाई की, बल्कि उनके बेटे को सरेआम निर्वस्त्र कर अपमानित किया। घटना के वीडियो वायरल होने के बाद पूरी राजधानी में आक्रोश है।

शादी से 10 दिन पहले बेटे के साथ बर्बरता

पीड़ित महिला (50) ने रोते हुए अपना दर्द बयां किया। उन्होंने बताया कि उनके बेटे की 10 दिन बाद शादी होने वाली थी, लेकिन इस घटना ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया है। महिला ने कहा, “मेरे बेटे को शादी से महज 10 दिन पहले सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। इस सदमे के कारण वह घर छोड़कर किसी अज्ञात स्थान पर चला गया है और हमारा फोन भी नहीं उठा रहा है।”

‘मेरे साथ भी की दरिंदगी’

पीड़ित महिला ने मारपीट के साथ-साथ छेड़छाड़ के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि हमलावरों ने उनके बाल खींचे, गालियां दीं और उन्हें गलत तरीके से छुआ। महिला ने बताया, “उन्होंने मुझे धक्का दिया जिससे मैं जमीन पर गिर गई, उसके बाद उन्होंने मुझे लातों और थप्पड़ों से बुरी तरह पीटा। क्या मेरे बेटे और मेरे साथ जो हुआ, वह बलात्कार से कम है?”

क्या है पूरा विवाद?

यह पूरी घटना 2 जनवरी की दोपहर 3:30 से 4:15 बजे के बीच की है। विवाद की जड़ एक जिम के मालिकाना हक को लेकर है, जो पीड़ित परिवार की बिल्डिंग के बेसमेंट में स्थित है। परिवार का दावा है कि उन्होंने 2016 में जिम शुरू किया था और सतीश यादव (उर्फ पिंटू) को केयरटेकर रखा था, जिसने बाद में अवैध रूप से उस पर कब्जा कर लिया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि पिंटू को एक स्थानीय नेता का संरक्षण प्राप्त है। ये लोग अक्सर इलाके में दहशत फैलाते हैं, हवाई फायरिंग करते हैं।

दहशत में परिवार

इस बर्बर हमले के बाद परिवार गहरे सदमे और डर में है। पीड़ित कारोबारी के बड़े बेटे और उसकी पत्नी ने भी घर छोड़ दिया है और कहीं और चले गए हैं। इलाके में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *