Iran-Israel Conflict: ईरान और US-इजरायल के बीच जारी युद्ध की वजह से पूरे मिडिल ईस्ट में नाजुक हालात हैं। हालिया घटनाक्रम में इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में नए ठिकानों पर हमला किया। इसके साथ ही ईरान-इजरायल युद्द की वजह से सऊदी अरब, कुवैत समेत खाड़ी देशों में ड्रोन हमलों और हवाई रक्षा गतिविधियां बढ़ गई हैं। अब इजरायल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज (Israel Katz) ने ‘दक्षिणी लेबनान’ पर नियंत्रण करने का दृण निश्चय किया है।
दक्षिणी लेबनान पर कब्जे की तैयारी
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में लिटानी नदी तक कब्जा करने की कसम खाई है। इजरायल ने दक्षिणी लेबनान पर एक सुरक्षा क्षेत्र स्थापित करने की बात कही है। इजरायल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज ने स्पष्ट किया कि सेना जल्द ही लिटानी नदी तक पूरे इलाके का नियंत्रण अपने हाथ में ले लेगी, जिससे देश की उत्तरी सीमा की सुरक्षा स्थिति मजबूत होगी। एक सैन्य कमान केंद्र के दौरे के दौरान काट्ज ने बताया कि लिटानी नदी पर बने 5 प्रमुख पुलों को इजरायल ने नष्ट कर दिया है। काट्ज ने दावा किया कि इन पुलों का इस्तेमाल हिज्बुल्लाह आतंकियों और हथियारों की आवाजाही के लिए किया जा रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि इजरायली सेना अब शेष पुलों और पूरे सुरक्षा क्षेत्र पर नियंत्रण सुनिश्चित करेगी।


