अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज सातवां दिन है। ईरान ने गुरुवार को बहरीन की सरकारी तेल रिफाइनरी BAPCO पर मिसाइल से हमला किया। इससे रिफाइनरी की एक यूनिट में आग लग गई। हालांकि बाद में आग काबू कर ली गई। बहरीन के राष्ट्रीय संचार केंद्र के मुताबिक BAPCO एनर्जीस की यह रिफाइनरी देश के पूर्वी तट पर स्थित सितरा द्वीप में है। यह राजधानी मनामा के दक्षिण में पड़ता है। अधिकारियों ने कहा कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है और रिफाइनरी का संचालन सामान्य रूप से जारी है। फिलहाल हमले से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच ऊर्जा ढांचों को निशाना बनाए जाने से वैश्विक तेल बाजार पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। बहरीन की रिफाइनरी पर ईरानी मिसाइल हमले का वीडियो…. इजराइल-ईरान जंग से जुड़े बड़े अपडेट्स ट्रम्प बोले- ईरान मेरे बिना सुप्रीम लीडर न चुने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान को उनके बिना नया सुप्रीम लीडर नहीं चुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि नए नेता के चयन में अमेरिका की भूमिका जरूरी है और बिना अमेरिका की भागीदारी के ऐसा करना वक्त की बर्बादी होगी। एक्सिओस को दिए इंटरव्यू में ट्रम्प ने कहा कि ईरान अगर अमेरिका को शामिल किए बिना नया सुप्रीम लीडर चुनता है तो इसका कोई मतलब नहीं होगा। ट्रम्प ने यह भी कहा कि अली खामेनेई के बेटे मुजतबा खामेनेई को संभावित उत्तराधिकारी माना जा रहा है, लेकिन वह इसे स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर नया नेता भी पुराने नेतृत्व की नीतियां जारी रखता है तो अमेरिका और ईरान के बीच आने वाले वर्षों में फिर टकराव हो सकता है। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ऐसा नेता चाहता है जो ईरान में शांति और स्थिरता ला सके। भारत ने खामेनेई की मौत पर शोक जताया भारत ने पहली बार ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर शोक जताया है। भारत सरकार की ओर से विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित ईरान दूतावास जाकर खामेनेई के निधन पर संवेदना जताई। उन्होंने कंडोलेंस बुक (शोक पुस्तिका) पर हस्ताक्षर कर श्रद्धांजलि दी। खामेनेई के निधन के बाद दुनियाभर के कई देशों से शोक संदेश भेजे जा रहे हैं। इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग से जुड़ी तस्वीरें…
ईरान ने बहरीन की सरकारी तेल रिफाइनरी पर हमला किया:मिसाइल दागीं, आग लगने से रिफाइनरी की एक यूनिट को नुकसान


