जयपुर। आईपीएल-2026 के दूसरे चरण का कार्यक्रम गुरुवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने जारी कर दिया। नए कार्यक्रम के अनुसार जयपुर के क्रिकेट प्रेमियों को इस बार बड़ा तोहफा मिला है, क्योंकि दूसरे चरण में चार मुकाबले पिंक सिटी में खेले जाएंगे। ये सभी मुकाबले जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित होंगे।
बीसीसीआई ने पहले चरण में 20 मैचों का कार्यक्रम घोषित किया था, जबकि दूसरे चरण में कुल 50 मुकाबले खेले जाएंगे। इस तरह पूरे सत्र में पहले की तरह कुल 74 लीग मैच ही आयोजित होंगे। इससे पहले कुछ रिपोर्टों में मैचों की संख्या 84 तक बढ़ने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया कि इस बार लीग मुकाबलों की संख्या 74 ही रहेगी।
राजस्थान रॉयल्स सभी घरेलू मुकाबले जयपुर में खेलेगी
दूसरे चरण में मेजबान टीम राजस्थान रॉयल्स अपने सभी घरेलू मुकाबले जयपुर में खेलेगी। पिंक सिटी में पहला मुकाबला 25 अप्रैल को खेला जाएगा, जिसमें राजस्थान रॉयल्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। इसके बाद 1 मई को दिल्ली कैपिटल्स के साथ मैच होगा। वहीं 9 मई को गुजरात टाइटंस और 19 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबला खेला जाएगा। जयपुर में होने वाले ये सभी मुकाबले शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।
दो-दो समूहों में बंटी टीमें
आईपीएल के इस सत्र में कुल 10 टीमों को दो-दो समूहों में बांटा गया है। हर टीम अपने समूह की टीमों के खिलाफ दो-दो मैच खेलेगी, जबकि दूसरे समूह की टीमों से एक-एक मुकाबला होगा। इस प्रारूप के कारण लीग चरण में मुकाबले काफी रोमांचक रहने की उम्मीद है।
एक दिन में होंगे दो मुकाबले
दूसरे चरण में दर्शकों को एक ही दिन में दो मुकाबलों का रोमांच भी देखने को मिलेगा। कुल आठ ऐसे मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें एक मैच दोपहर और दूसरा शाम को होगा। दूसरे चरण में हैदराबाद और दिल्ली की टीम को चार-चार मुकाबले दोपहर में खेलने होंगे, जबकि पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स तीन-तीन मैच दोपहर में खेलेंगी। वहीं राजस्थान रॉयल्स, मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु की टीम दो-दो दोपहर के मुकाबले खेलेगी।
जयपुर में दिखेगा रोमांच
जयपुर में चार मैचों के आयोजन से शहर के क्रिकेट प्रशंसकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सवाई मानसिंह स्टेडियम में एक बार फिर आईपीएल का रोमांच देखने को मिलेगा और बड़ी संख्या में दर्शक अपनी पसंदीदा टीमों का समर्थन करते नजर आएंगे।


