तेज गेंदबाज अशोक शर्मा (Ashok Sharma) को गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) ने इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) 2026 के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। मंगलवार को मुल्लांपुर में खेले जा रहे इस मैच के साथ अशोक अपना आईपीएल डेब्यू कर रहे हैं। ‘रफ्तार सिंह’ के नाम से मशहूर अशोक 140-150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (Syed Mushtaq Ali Trophy) में अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी से विपक्षी टीमों को काफी परेशान किया था।
पिता नहीं चाहते थे दोनों बेटे खेलें क्रिकेट
17 जून 2002 को जन्मे अशोक जयपुर के पास स्थित रामपुरा गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता नाथूलाल किसान हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। मां का सपना था कि बेटा सरकारी नौकरी करे। अशोक के बड़े भाई अक्षय भी क्रिकेट खेला करते थे। ऐसे में पिता नहीं चाहते थे कि दोनों बेटे क्रिकेट खेलें। वह चाहते थे कि अशोक पढ़ाई पर ध्यान दें, लेकिन बड़े भाई ने अशोक की काबिलियत पहचान ली थी। उन्होंने अशोक के लिए क्रिकेट छोड़ दिया, ताकि छोटे भाई को अपना सपना पूरा करने का मौका मिल सके। क्रिकेट के प्रति अशोक के जुनून को देखते हुए पिता ने जयपुर स्थित अरावली क्रिकेट एकेडमी में बेटे का एडमिशन करवाया।
अशोक को एकेडमी पहुंचने के लिए रोजाना लंबा सफर करना पड़ता था, जिसके बाद वह एकेडमी के हॉस्टल में रहने लगे। कोरोना महामारी के दौरान उनके कोच विवेक यादव का निधन हो गया, जिससे अशोक को बड़ा झटका लगा। हालांकि, उन्होंने खुद को संभाला और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए आईपीएल तक का सफर तय किया।
RR और KKR ने नहीं दिया मौका
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने Rajasthan Royals के लिए नेट बॉलर के रूप में काम किया। इसके बाद उन्हें आईपीएल 2022 में Kolkata Knight Riders ने 55 लाख रुपये में खरीदा, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। बाद में Gujarat Titans ने इस खिलाड़ी पर 90 लाख रुपये का दांव खेला। अशोक ने अपने फर्स्ट क्लास करियर में 4 मैच खेले हैं, जिसमें 29.71 की औसत से 14 विकेट लिए हैं। वहीं, 7 लिस्ट-ए मुकाबलों में उनके नाम 13 विकेट हैं। टी20 करियर में उन्होंने 10 मैच खेले हैं, जिसमें 15.63 की औसत से 22 विकेट हासिल किए हैं।


