IPL 2026 के 20वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस (MI) को 18 रनों से हरा दिया है। RCB से मिले 241 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए MI 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 222 रन ही बना सकी। RCB से मिले 241 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी रही। इस मैच में रयान रिकेल्टन और रोहित शर्मा की जोड़ी अच्छी लय में दिखाई दी। हालांकि, हैमस्ट्रिंग में खिंचाव होने के कारण रोहित 19 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए और दोबारा बल्लेबाजी करने नहीं उतरे।
कप्तान सूर्यकुमार अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम
RCB से मिले 241 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की तरफ से रिकेल्टन ने 22 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 22 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ एक ही बना पाए। हार्दिक पांड्या ने कुछ दमदार शॉट्स खेले और वह 22 गेंदों में 40 रन बनाकर जैकब डफी का शिकार बने। हार्दिक ने अपनी इस पारी में 6 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, नमन धीर एक रन ही बना सके।
शेरफेन रदरफोर्ड ने तूफानी पारी खेली
आज के मुकाबले में शेरफेन रदरफोर्ड ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 31 गेंदों में 71 रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। रदरफोर्ड ने अपनी इस पारी में एक चौका और 9 छक्के लगाए। सैंटनर 8 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में RCB की ओर से सुयश शर्मा ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए, जबकि जैकब डफी ने एक विकेट अपने नाम किया।
टॉस हारने के बाद RCB ने पहले बल्लेबाजी की
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 240 रन बनाए। फिल साल्ट और विराट कोहली ने टीम को शानदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी निभाई। कोहली ने 38 गेंदों में 50 रन बनाए, तो साल्ट ने 36 गेंदों में 78 रनों की शानदार पारी खेली।
साल्ट ने अपनी इस पारी में 6 चौके और 6 छक्के लगाए। कप्तान रजत पाटीदार बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 20 गेंदों में 53 रन बनाए। अंत के ओवरों में टिम डेविड ने सिर्फ 16 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 34 रन बनाए, जबकि जितेश शर्मा 10 रन ही बना सके। गेंदबाजी में मुंबई इंडियंस की ओर से बोल्ट-हार्दिक, सैंटनर और शार्दुल ने एक-एक विकेट चटकाया। आरसीबी की यह इस सीजन की तीसरी जीत है। वहीं, एमआई को आईपीएल 2026 में तीसरी हार का सामना करना पड़ा है।


