रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला कुछ ही देर में खेला जाएगा। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच में आरसीबी के खिलाड़ी हाथ पर काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरेंगे।
बता दें कि, आरसीबी की टीम अपने 11 फैंस को श्रद्धांजलि देने के लिए हाथों पर काली पट्टी बांधेगी, जिन्होंने पिछले सीजन टीम के खिताब जीतने के बाद हुई विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ में अपनी जान गंवा दी थी।
वहीं आरसीबी ने अपने एक बयान में कहा कि, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आरसीबी फैमिली के अपने 11 सदस्यों को श्रद्धांजलि देगी जिन्होंने त्रासदी के ढंग से एक दुर्भाग्य घटना में अपनी जान गंवा दी थी।
बयान में आगे कहा गया कि, सम्मान के प्रतीक के रूप में, खिलाड़ी वार्म-अप के दौरान 11 नंबर वाली अभ्यास जर्सी पहनेंगे और मैच के दौरान काली पट्टी बांधेंगे। फैंस के सम्मान में स्टेडियम की 11 सीटों को खाली रखा जाएगा। इस तरह फ्रेंचाइजी की तरफ से फैंस को अलग-अलग तरह से सम्मान दिया जाएगा।


