IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में से पहले होगा धोनी का फिटनेस टेस्ट, ब्रेविस की वापसी भी पक्की

IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में से पहले होगा धोनी का फिटनेस टेस्ट, ब्रेविस की वापसी भी पक्की

MS Dhoni, Dewald Brevis Fitness, CSK, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में पांच बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का सफर अभी तक निराशाजनक रहा है। टीम को शुरुआती तीन मैचों में लगातार हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि, सीएसके के फैंस के लिए अब एक राहत भरी खबर आई है। टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और विस्फोटक बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस दोनों ही चोट से उबरकर फिट हो चुके हैं। वे शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले टीम से जुड़ सकते हैं।

धोनी और ब्रेविस इस अहम मैच से पहले फिटनेस टेस्ट देंगे। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, धोनी अगले एक-दो दिनों में फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे। यदि वे इसमें सफल हो जाते हैं, तो चेपॉक स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैदान पर उतर सकते हैं।

धोनी को प्री-सीजन कैंप के दौरान लगी थी चोट

धोनी इस सीजन अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। प्री-सीजन कैंप के दौरान उन्हें काफ की चोट लग गई थी। 44 वर्षीय धोनी टीम के साथ बाहर के मैचों पर नहीं गए और पंजाब किंग्स के खिलाफ घरेलू मुकाबले के दिन भी चेपॉक में नजर नहीं आए। इसके बावजूद वे नियमित रूप से टीम के साथ ट्रेनिंग करते रहे। प्रोटोकॉल की वजह से मैच के दिन वे स्टेडियम नहीं जा सके।

पंजाब किंग्स के मैच से पहले धोनी ने एमए चिदंबरम स्टेडियम के B ग्राउंड पर लंबी बल्लेबाजी की। मैच की पूर्व संध्या को उन्होंने मुख्य स्टेडियम की प्रैक्टिस पिचों पर बिना किसी परेशानी के बल्लेबाजी की। फ्रेंचाइजी ने उन्हें जल्दबाजी में वापस लाने की बजाय पूरी तरह ठीक होने का पर्याप्त समय दिया। अब शनिवार के मैच में उनके खेलने की मजबूत संभावना नजर आ रही है।

ब्रेविस की वापसी भी दस्तक दे रही है

डेवाल्ड ब्रेविस की वापसी भी सीएसके के लिए बड़ी उम्मीद जगाने वाली है। मध्यक्रम में खेल पलटने की जबरदस्त क्षमता रखने वाले इस युवा बल्लेबाज की कमी पिछले तीन मैचों में साफ तौर पर दिखी। ब्रेविस को भी प्री-सीजन कैंप में साइड स्ट्रेन की चोट लग गई थी, जिसके कारण वे अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए। उन्होंने गुवाहाटी और बेंगलुरु दोनों ही मैचों के लिए टीम के साथ यात्रा की, लेकिन पूरी तरह फिट न होने के कारण प्लेइंग-11 में जगह नहीं बना सके।

आरसीबी के खिलाफ हार के बाद सीएसके के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा, “हमें उम्मीद है कि अगले मैच के लिए वे तैयार हो जाएंगे। हमारे पास अभी पांच दिन का समय है। हमने सावधानी बरती है और उम्मीद करते हैं कि ये पांच दिन हमारे अनुकूल गुजरेंगे। उनकी गैरमौजूदगी हमें काफी नुकसान पहुंचा रही है, इसलिए हम उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *