पलवल के होडल-नूंह रोड स्थित एक रेस्टोरेंट से आईफोन चोरी होने का मामला सामने आया है। उटावड़ थाना पुलिस ने होटल मालिक की शिकायत पर एक महिला और उसके साथी के खिलाफ साजिश के तहत मोबाइल चोरी करने का केस दर्ज किया है। उटावड़ गांव निवासी सुब्बी खां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका होडल-नूंह रोड पर केनरा बैंक के सामने लजीज रेस्टोरेंट नाम से होटल है। 29 मार्च की रात एक अज्ञात महिला ऑटो से उनके होटल पर आई। उस समय होटल का चौकीदार नमाज पढ़ने गया था और होटल कर्मी नफीस अपने फोन में बिजी था। महिला पर आईफोन चुराने का आरोप इसी का फायदा उठाकर महिला ने सुब्बी खां का आईफोन चोरी कर लिया। शुरुआत में किसी और पर शक था, लेकिन सुब्बी खां ने अपने स्तर पर जांच की तो पता चला कि यह चोरी एक सोची-समझी साजिश थी। होटल कर्मी के फोन से किए गए कॉल रिकॉर्ड्स की जांच के बाद नूंह जिले के लिहगांकला गांव निवासी रफीक का नाम सामने आया। रफीक के साथ मिलकर चोरी करने का आरोप सुब्बी खां ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ कि चोरी करने वाली महिला का नाम परजाना उर्फ नजराना है, जो नगली शाहापुर की रहने वाली है। आरोप है कि महिला ने रफीक के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने केस दर्ज किया पीड़ित ने बताया कि 4 अप्रैल की सुबह उनके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को नगली गांव का सरपंच बताया और मामले को आपस में निपटाने का दबाव बनाया। हालांकि, पंचायत के लिए कोई भी पक्ष सामने नहीं आया। जिसके बाद पीड़ित ने कानूनी कार्रवाई करने का निर्णय लिया। उटावड़ थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।


