संभल में एक मिठाई की दुकान में इनवर्टर बैटरी फटने से हड़कंप मच गया। इस घटना में दुकान का मालिक तेजाब से गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना शुक्रवार रात करीब 8 बजे तहसील संभल के थाना कैलादेवी क्षेत्र के गांव सौंधन मोहम्मदपुर में हुई। गांव निवासी बिंदु अग्रवाल पुत्र रतनलाल की गांव के बाहर साप्ताहिक बाजार के पास मिठाई की दुकान है। वह अपनी दुकान में रोशनी के लिए घर से इनवर्टर बैटरी लेकर आए थे। बैटरी लगाते समय अचानक तेज धमाका हुआ और बैटरी फट गई, जिससे तेजाब बिंदु अग्रवाल के शरीर पर आ गिरा। आसपास के दुकानदार तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल दुकानदार को गांव के ही एक निजी डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर द्वारा दवाई लगाने के बाद भी बिंदु अग्रवाल को कोई खास राहत नहीं मिली और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। परिवार के सदस्यों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए संभल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। धमाके की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। बिंदु अग्रवाल के भाई टीटू अग्रवाल ने बताया कि उनके भाई दुकान में लाइट जलाने के लिए बैटरी लाए थे और लगाते ही विस्फोट हो गया। उन्होंने इसे एक हादसा बताया और पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी है।


