अलीगढ़ में होटल की आड़ में चल रहे अंतरराज्यीय सेक्स रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। थाना बन्नादेवी पुलिस टीम ने सोमवार देर रात चौहान कॉम्प्लेक्स स्थित स्काइवे होटल और मैराकी होटल पर एक साथ छापा मारकर 15 लोगों को आपत्तिजनक हालत में गिरफ्तार किया। इनमें 7 युवतियां शामिल हैं, जो दिल्ली, अलीगढ़ और झारखंड की रहने वाली बताई जा रही हैं। पुलिस लाइन में मंगलवार को एसपी सिटी मृगांग शेखर पाठक ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बताया कि स्काइवे होटल का संचालन रविंद्र सिंह आनंद निवासी काशीराम आवास, गुरुरामदास नगर और मैराकी होटल का संचालन शुभम शर्मा निवासी हरिपर्ल होटल के पीछे सारसौल द्वारा किया जा रहा था। दोनों होटल संचालक इस देह व्यापार रैकेट के मुख्य सूत्रधार हैं। आपत्तिजनक सामग्री, नकदी और डिजिटल सबूत बरामद छापे के दौरान पुलिस ने 58,070 रुपए नकद, 17 मोबाइल फोन, दो आगंतुक रजिस्टर, पांच एटीएम कार्ड, एक क्यूआर कोड स्कैनर, एक स्वैप मशीन, 35 विजिटिंग कार्ड, तीन प्रेस आईडी कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एक कार (वरना) और एक मोटरसाइकिल समेत भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। इसके साथ ही शराब और बीयर की कई कैन भी मौके से मिली हैं। सीडी में आपत्तिजनक वीडियो, ब्लैकमेलिंग की आशंका पुलिस को दोनों होटलों से कई सीडी भी मिली हैं, जिनमें आपत्तिजनक वीडियो फुटेज होने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि ग्राहकों के वीडियो चोरी-छिपे बनाए जाते थे और बाद में उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था। इस एंगल पर पुलिस की विशेष टीमें जांच में जुटी हैं। फर्जी आधार कार्ड से किशोरी को बनाया बालिग पूछताछ के दौरान पुलिस को एक लड़की ने बताया कि उसकी उम्र 17 साल है, लेकिन रविंद्र ने दबाव डालकर फर्जी आधार कार्ड बनवाया। फर्जी आधार कार्ड के आधार पर उसकी उम्र 19 साल दिखाकर देह व्यापार कराया गया। वह कई अन्य जगह भी उसे भेजता था। वहीं, एक युवती ने बताया कि रविंद्र ने उससे देह व्यापार कराया और उसके तीन लाख रुपए भी हड़प लिए। मांगने पर धमकी भी देता था। पुलिस ने इस मामले में अलग से कार्रवाई करते हुए एंटी फ्राड सेल में मामला भेज दिया है। अनैतिक देह व्यापार अधिनियम में केस दर्ज इस पूरे मामले में थाना बन्नादेवी में अनैतिक देह व्यापार में केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में होटल संचालकों के अलावा स्थानीय युवक और महिलाएं शामिल हैं। एसपी सिटी ने बताया कि रविंद्र ने होटल कुछ महीने पहले ही खोला था। लेकिन जांच में सामने आ रहा है कि वह देह व्यापार में पहले से संलिप्त था। पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी रविंद्र सिंह आनंद और राहुल वार्ष्णेय के खिलाफ पहले भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं एक अन्य आरोपी शुभम शर्मा का भी आपराधिक इतिहास रहा है। कई थानों की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई कार्रवाई का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय कमलेश कुमार और एसडीएम कोल महिमा सिंह ने किया। छापेमारी में बन्नादेवी थाना, महिला थाना और पुलिस की कई टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और अन्य राज्यों से जुड़े लिंक भी खंगाले जा रहे हैं।


