श्योपुर जिले के ग्राम जैदा में किसान के घर दिनदहाड़े हुई चोरी का खुलासा पुलिस ने महज 24 घंटे में कर दिया। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया और उसके पास से लगभग 1 लाख 50 हजार रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए। पुलिस की विशेष टीम ने की कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्योपुर सुधीर कुमार अग्रवाल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण भूरिया के मार्गदर्शन और एसडीओपी श्योपुर राजीव कुमार गुप्ता की निगरानी में कोतवाली पुलिस ने इस सफलता को हासिल किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए, टीआई कोतवाली सत्यम सिंह गुर्जर के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। चोरी का मामला और बरामद सामान घटना 7 फरवरी को हुई थी, जब ग्राम जैदा निवासी महावीर बैरवा ने अपने घर से चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। चोर ने एक जोड़ी चांदी की पायल (250 ग्राम), एक चांदी का कमरबंद (250 ग्राम) और एक सोने की नथ चुरा ली थी। चोरी की कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई। आरोपी का खुलासा और बरामदगी पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी महावीर मीणा (26) पुत्र शंभूलाल मीणा, ग्राम डाबरसा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार की और उसकी निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया। आरोपी शातिर और आदतन अपराधी गिरफ्तार आरोपी महावीर मीणा एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ श्योपुर जिले के साथ-साथ राजस्थान के खातौली क्षेत्र में नकबजनी, चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी एक्ट समेत दर्जनों मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


