अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर डूंगरपुर जिले में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह यूनिसेफ, पुलिस और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पुलिस लाइन सभागार में हुआ। इसमें महिला संरक्षण और सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों और सुरक्षा सखियों को सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष कुमार थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मुकेश सांखला और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नागेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी और सुरक्षा सखियां इस अवसर पर मौजूद रहीं। एसपी मनीष कुमार ने इन महिला पुलिसकर्मियों और सुरक्षा सखियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके योगदान को सराहा। एसपी मनीष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं सामाजिक बदलाव की सबसे बड़ी ‘एजेंट’ हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में एक महिला जो महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है, वह पुरुष नहीं निभा सकता। इस दौरान वक्ताओं ने महिलाओं के अधिकारों और उनकी कानूनी सुरक्षा से संबंधित विषयों पर भी जागरूकता फैलाई। जिला स्तरीय समारोह में नारी शक्ति का हुआ सम्मान
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला प्रशासन एवं महिला विकास विभाग की ओर से जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिलाओं के सशक्तिकरण और समाज में उनकी भागीदारी को बढ़ाने पर जोर दिया। वही श्रेष्ठ कार्य करने वाली नारी शक्ति का सम्मान किया गया। कलेक्टर अंकित कुमार सिंह, पूर्व मंत्री सुशील कटारा, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक पटेल सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी सम्मिलित हुए। समारोह का मुख्य आकर्षण उन महिलाओं का सम्मान रहा जिन्होंने ज़मीनी स्तर पर बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जिसके तहत महिला विकास विभाग के अंतर्गत विभागीय योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए महिलाओं को लाभ पहुंचाने वाली महिला कार्मिकों को सम्मानित किया गया। राजीविका के तहत क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) से जुड़ी उन महिलाओं को प्रशस्ति पत्र भेंट किए गए, जिन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया। जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं बल्कि समाज की आवश्यकता है। उन्होंने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित किया। वहीं, पूर्व मंत्री सुशील कटारा ने सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर प्रकाश डाला।


