Ahmedabad. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ट्रेड डील यह अपने मजबूत नेतृत्व की निशानी है। वर्ष 2026-27 के केन्द्रीय बजट में दिया गया विकसित भारत का रोडमैप भी इसका उदाहरण है।
वे शनिवार को गांधीनगर स्थित ग्लोबल इंटरनेशनल फाइनेंस टेक सिटी( गिफ्ट सिटी) में सीएआईटी की ओर से “वायई टॉक्स” के तहत ‘यंग वॉइस समिट-द फ्यूचर ब्लॉक’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे। यहां उपस्थित युवाओं और स्टार्टअप फाउंडर्स को संबोधित करते हुए नबीन ने कहा कि गुजरात के युवा केवल राज्य ही नहीं बल्कि पूरे देश के युवाओं को नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गुजरात की सफलता केवल सरकार की नहीं, बल्कि यहां के लोगों के कठोर परिश्रम और साझेदारी का परिणाम है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 के बाद 140 करोड़ देशवासियों को ‘एसेट्स’ मानकर जो योजनाएं दीं, उसके चलते आज देश में स्टार्टअप और स्किल इंडिया की क्रांति देखने को मिल रही है।
पीएम के विजन से आर्थिक हब बनी गिफ्ट सिटीनबीन ने गिफ्ट सिटी प्रोजेक्ट को लेकर कहा कि जिस प्रोजेक्ट को विपक्ष मजाक बताता था, वही गिफ्ट सिटी प्रधानमंत्री मोदी के विजन और प्लानिंग से आर्थिक हब बनकर उभर रही है। उन्होंने युवाओं को शॉर्टकट से बचने और विरासत के साथ विकास का मंत्र आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो देश अपनी संस्कृति पर गर्व नहीं करता है, उसका भविष्य उज्जवल नहीं होता।
ट्रेड डील ऐतिहासिक व्यापार का अवसर: संघवी
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि “इंडिया-ईयू” और “इंडिया-यूएसए” ट्रेड डील केवल व्यापार समझौते नहीं हैं, बल्कि यह ऐतिहासिक व्यापार के अवसर हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं के लिए संभव बनाया है। उन्होंने एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन पर कहा कि यह देश की छवि खराब करने की कोशिश है। इसे जनता कभी माफ नहीं करेगी।
रिवरफ्रंट पर की सैर, नगरदेवी के किए दर्शन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शनिवार सुबह साबरमती रिवरफ्रंट पर मॉर्निंग वॉक की। अटल ब्रिज के देखा और युवाओं के साथ चाय पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने नगरदेवी भद्रकाली के दर्शन किए।
कम संशाधन से अधिक परिणाम गुजरात संगठन की पहचान
नबीन ने शनिवार को कोबा स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि कम संसाधन में अधिकतम परिणाम यह गुजरात के संगठन की सालों से पहचान रही है। कार्यकर्ता भाजपा के प्राण व आत्मा है। इसमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा के साथ प्रदेश संगठन, जिला व शहर के प्रमुख, महामंत्री व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
बूथ कार्यकर्ताओं में भरा जोश
अहमदाबाद के जीयू कन्वेंशन हॉल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बूथ के कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया। उनमें जोश भरा।


