चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ पर एयर इंटेलिजेंस यूनिट नेबअंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही मादक पदार्थ तस्करी का खुलासा किया है। बैंकॉक से लखनऊ पहुंचे एक भारतीय यात्री के ट्रॉली बैग से करीब 5.88 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा (मारिजुआना) बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2.05 करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
खुफिया सूचना पर हुई कार्रवाई
एयर इंटेलिजेंस अधिकारियों को बैंकॉक से आने वाली फ्लाइट को लेकर विशेष खुफिया जानकारी मिली थी। इसी आधार पर 9 फरवरी 2026 को फ्लाइट संख्या FD-146 से लखनऊ पहुंचे एक भारतीय यात्री को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान उसके ट्रॉली बैग में रखे 8 कुकी टिन बॉक्स संदिग्ध पाए गए।
कुकी टिन बॉक्स में छिपाकर लाई जा रही थी नशीली खेप
जांच में सामने आया कि हर कुकी टिन बॉक्स के भीतर पॉलीथीन पाउच में हरे रंग का ऑर्गेनिक पदार्थ भरा हुआ था। मौके पर फील्ड डायग्नोस्टिक टेस्ट किट से जांच करने पर यह पदार्थ गांजा/मारिजुआना (हाइड्रोपोनिक वीड) पाया गया। बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन लगभग 5.88 किलोग्राम निकला।
2.05 करोड़ रुपये आंकी गई कीमत
एयर इंटेलिजेंस के अनुसार जब्त हाइड्रोपोनिक गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.05 करोड़ रुपये है। यह मादक पदार्थ अत्यधिक उच्च गुणवत्ता का बताया जा रहा है, जिसे विशेष रूप से विदेशी बाजारों में तैयार किया जाता है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तारी, न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
आरोपी यात्री को 9 फरवरी को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गांजा/मारिजुआना के साथ-साथ पैकेजिंग सामग्री को भी विधिवत रूप से जब्त कर लिया गया है।
अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी एजेंसियां
एयरपोर्ट प्रशासन और जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि आरोपी किस नेटवर्क के माध्यम से इस नशीले पदार्थ की तस्करी कर रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि आगे की जांच जारी है और जल्द ही इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं।


