बरेली। बरेली से नई दिल्ली के बीच चलने वाली चर्चित ट्रेन एक बार फिर अपनी पहचान बदलने जा रही है। वर्ष 1989 में शताब्दी एक्सप्रेस के रूप में शुरू हुई यह गाड़ी अब तीसरी बार नाम और रूट बदलते हुए कासगंज-दिल्ली एक्सप्रेस के रूप में जानी जाएगी। लंबे समय तक 14315-16 बरेली-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस के रूप में चलने वाली इस ट्रेन का दायरा अब और बढ़ा दिया गया है।
बरेली-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस को कासगंज तक विस्तार मिलने के बाद सोमवार को उद्घाटन विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। 05303 बदायूं-नई दिल्ली उद्घाटन स्पेशल दोपहर 12 बजे बदायूं से रवाना होगी और 1:15 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। यहां से आगे यह ट्रेन तय समय के अनुसार विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए रात आठ बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
यह रहेगा पूरा टाइम-टेबल
उद्घाटन ट्रेन बरेली से 1:15 बजे चलकर 2:18 बजे रामपुर, 2:50 बजे मुरादाबाद, 3:19 बजे अमरोहा, 3:40 बजे गजरौला, 5:02 बजे गढ़मुक्तेश्वर, 5:35 बजे हापुड़, 5:47 बजे पिलखुआ, 6:42 बजे गाजियाबाद, 7:15 बजे आनंद विहार और रात 8 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। ट्रेन का संचालन अब इज्जतनगर मंडल के अंतर्गत किया जाएगा। सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा के मुताबिक, कासगंज से नई दिल्ली के बीच नियमित संचालन की तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
शताब्दी से इंटरसिटी तक का सफर
इस ट्रेन की शुरुआत 1989 में शताब्दी एक्सप्रेस के रूप में हुई थी। उस समय देश में पहली शताब्दी एक्सप्रेस की घोषणा पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जन्म शताब्दी के अवसर पर तत्कालीन रेल मंत्री माधवराव सिंधिया ने की थी। इसके बाद बरेली-नई दिल्ली के बीच भी शताब्दी चलाई गई। हालांकि, स्टॉपेज बढ़ने के कारण वर्ष 2003 में इस ट्रेन को इंटरसिटी एक्सप्रेस में बदल दिया गया और इसका विस्तार रोहतक तक कर दिया गया। अब एक बार फिर यह ट्रेन नए स्वरूप में कासगंज-दिल्ली एक्सप्रेस के रूप में यात्रियों को सेवा देगी।
उद्घाटन में शामिल होंगे केंद्रीय मंत्री व जनप्रतिनिधि
उद्घाटन समारोह बदायूं में आयोजित होगा, जहां केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस मौके पर सांसद आदित्य यादव, एमएलसी वागीश पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहेंगे।


