गणतंत्र दिवस के मद्देनजर नोएडा पुलिस अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नरेट के तीनों जोन में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर यह अभियान बीडीडीएस टीम, डॉग स्क्वॉड और पर्याप्त पुलिस बल के साथ चलाया गया। अभियान के दौरान मॉल परिसर, सार्वजनिक स्थलों, पार्किंग एरिया, प्रवेश एवं निकास मार्गों सहित आसपास के क्षेत्रों में गहन जांच की गई। पुलिस ने संदिग्ध प्रतीत हो रहे लोगों और सामान की भी चेकिंग की। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्हें यह भी निर्देशित किया गया कि प्रत्येक संदिग्ध व्यक्ति और वाहन की विधिवत जांच की जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त, सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार गश्त पर रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सके। वरिष्ठ अधिकारियों ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आमजन को आश्वस्त किया कि शांति, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा कमिश्नरेट पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


