सोनीपत मतदाता सूची में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा को लेकर मंगलवार को सोनीपत में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम सुभाष चंद्र की अध्यक्षता में बैठक हुई। सोनीपत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी मतदान केंद्र अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजर्स ने भाग लिया। बैठक के दौरान एसआईआर कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई और अधिकारियों को घर-घर जाकर मतदाता सूची से संबंधित कार्य को तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने कहा कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है, इसलिए इस अभियान को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। घर-घर जाकर पूरा करें एसआईआर का कार्य
बैठक के दौरान एसडीएम सुभाष चंद्र ने सभी बीएलओ और सुपरवाइजर्स को निर्देश दिए कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े कार्य को घर-घर जाकर प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के अद्यतन का कार्य निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारियों को अपने-अपने बूथ क्षेत्र में सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
कम मैपिंग वाले बूथों की प्रगति बढ़ाने के निर्देश
एसडीएम ने बैठक में कहा कि जिन बूथों पर मैपिंग का कार्य 10 प्रतिशत से कम हुआ है, वहां कार्य की गति बढ़ाकर इसे कम से कम 20 प्रतिशत तक पहुंचाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अगली समीक्षा बैठक से पहले एसआईआर कार्य की प्रगति कम से कम 15 प्रतिशत तक सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
नए मतदाताओं का पंजीकरण और संशोधन कार्य पर जोर
बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही मृत अथवा स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नामों का संशोधन या विलोपन पूरी सावधानी और पारदर्शिता के साथ किया जाए। एसडीएम ने कहा कि मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना निष्पक्ष चुनाव की बुनियाद है।
समय सीमा में रिपोर्ट भेजने के निर्देश
एसडीएम ने अधिकारियों से कहा कि एसआईआर से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और उनकी रिपोर्ट समय पर तैयार कर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा को भेजी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कार्य की नियमित समीक्षा की जाए और यदि किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो तुरंत उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाए।
आमजन से सहयोग की अपील
एसडीएम सुभाष चंद्र ने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि जब बीएलओ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए घर-घर पहुंचें तो उनसे मांगी गई जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों के सहयोग से ही यह अभियान सफल हो सकेगा और प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल किया जा सकेगा।


