एटा साइबर थाने में तैनात एक इंस्पेक्टर का हार्ट अटैक से निधन हो गया। उन्हें गंभीर हालत में एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह पुलिस लाइन में आरटीसी (पुलिस रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर) की परीक्षा ड्यूटी में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उनके सहयोगी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। मृतक इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह मूल रूप से औरैया जिले के निवासी थे। वह वर्ष 1998 में उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक के पद पर भर्ती हुए थे। वर्ष 2016 में उन्हें पदोन्नत कर इंस्पेक्टर बनाया गया था। वर्तमान में वह एटा के साइबर थाने में कार्यरत थे। थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उन्होंने पुष्टि की कि आरटीसी में पुलिस रिक्रूट की परीक्षा चल रही थी, तभी उनकी तबीयत बिगड़ी और उनका निधन हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


