अमरोहा के हसनपुर में नारियल के पैसे मांगने पर एक दरोगा पर रेहड़ी-पटरी वाले से मारपीट करने और उसके नारियल जब्त कर कोतवाली ले जाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है और जांच के आदेश दिए हैं जानकारी के अनुसार मोहल्ला काला शहीद निवासी सागर अमरोहा बस अड्डे के पास नारियल पानी का ठेला लगाता है। आरोप है कि हसनपुर बस स्टैंड चौराहे पर तैनात ‘क्रिटिकल कॉरिडोर टीम’ के प्रभारी उप-निरीक्षक ईशम सिंह अपने साथी के साथ वहां पहुंचे और दो नारियल पानी पिया। जब सागर ने 140 रुपये मांगे तो दरोगा कथित तौर पर नाराज हो गए। ठेले वाले को थप्पड़ मारने और नारियल जब्त करने का आरोप पीड़ित सागर का आरोप है कि दरोगा ईशम सिंह ने उसे थप्पड़ मारे और दुकान हटाने की धमकी दी। इसके बाद उसके नारियल जबरन पुलिस की गाड़ी में भरवाकर कोतवाली ले गए। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान के प्रदेश महासचिव मुकेश गुप्ता ने इसे ‘पुलिस की लूट’ बताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। व्यापारियों के दबाव के बाद पुलिस ने युवक के नारियल वापस कर दिए, हालांकि सागर का आरोप है कि लौटाए गए सामान में से तीन नारियल कम थे। दरोगा ने दी सफाई, कहा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दूसरी ओर, उप-निरीक्षक ईशम सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि यह कार्रवाई अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत की गई थी। हालांकि वायरल वीडियो में नारियल पुलिस की गाड़ी में लादे जाते दिखाई दे रहे हैं, जिससे उनके दावे पर सवाल उठ रहे हैं। एसपी ने किया लाइन हाजिर, जांच के आदेश मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने देर शाम उप-निरीक्षक ईशम सिंह को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन स्थानांतरित (लाइन हाजिर) कर दिया। साथ ही क्षेत्राधिकारी हसनपुर को पूरे मामले की विस्तृत जांच सौंपी गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।


