अस्पताल से लेकर रसोई तक निरीक्षण तेज, कहीं संतोष तो कहीं खामियों पर नाराजगी

अस्पताल से लेकर रसोई तक निरीक्षण तेज, कहीं संतोष तो कहीं खामियों पर नाराजगी

भोजन की गुणवत्ता पर प्रशासन सख्त, अधिकारियों ने किया निरीक्षण परखी गुणवत्ता

बैतूल/इंट्रो। जिले में भोजन की गुणवत्ता को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। विभिन्न संस्थानों में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर जिम्मेदार अधिकारी व्यवस्थाओं को सुधारने में जुटे हैं। हालांकि निरीक्षण के दौरान कहीं संतोषजनक स्थिति मिली तो कहीं खामियों पर नाराजगी भी जताई गई।
जिला अस्पताल में भोजन की गुणवत्ता जांची, दाल और दूध पर जताई नाराजगी
बैतूल। सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे ने शनिवार को जिला अस्पताल की रसोई कक्ष का निरीक्षण कर मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भोजन वितरण की प्रक्रिया को देखा और सुपरवाइजर को निर्धारित टाइम टेबल के अनुसार समय पर भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डॉ. घोरे ने स्वयं भोजन का स्वाद भी चखा, जिसमें दलिया और सब्जी की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। हालांकि दाल के पतला होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए उसे गाढ़ा बनाने के निर्देश दिए। वहीं दूध के पतला पाए जाने पर भी उन्होंने असंतोष व्यक्त किया और संबंधित ठेका कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन मिलना प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान आरएमओ डॉ. रानू वर्मा भी उपस्थित रहीं।
आश्रय स्थल और दीनदयाल रसोई में भोजन की गुणवत्ता पर फोकस
बैतूल। मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डे ने नगर पालिका के आश्रय स्थल और दीनदयाल रसोई का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता सहित विभिन्न सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आश्रय स्थल में पेंटिंग, नए बैनर, गेट की मरम्मत, चादरों की उपलब्धता और शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खटमल नियंत्रण के लिए छिडक़ाव कराने और प्यूरीफायर की नियमित सफाई व सुचारू संचालन बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। दीनदयाल रसोई में निरीक्षण के दौरान सीएमओ पाण्डे ने स्वयं पांच रुपए का भुगतान कर श्रमिक वर्ग के लोगों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता का प्रत्यक्ष आकलन किया। उन्होंने कर्मचारियों को व्यवस्थाएं लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। नगर पालिका द्वारा आश्रय स्थल और दीनदयाल रसोई में जरूरतमंदों को बेहतर सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *