हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के एक बार फिर बैन गाना खटोला-2 गया। गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप में भाजपा सरकार ने पहले इस गाने को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवा दिया था। हैरानी की बात यह है कि पंचकूला में जिस कार्यक्रम में यह गाना गाया गया, उसके आयोजक भाजपाई ही थे। इतना ही नहीं, भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा भी इस गाने पर परफॉर्मेंस के दौरान वीडियो बनाती नजर आईं। वीडियो में भाजपा कार्यकर्ता झूमते हुए दिख रहे हैं। यह वीडियो 8 नवंबर को पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव के दौरान का है। कार्यक्रम के दौरान खेल विभाग के महानिदेशक संजीव वर्मा, डीसी सतपाल शर्मा, पुलिस कमिश्नर सिवाश कविराज, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय मित्तल, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, और भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रमुख संजय आहूजा भी मौजूद थे। वायरल वीडियो पर रेखा शर्मा ने सफाई दी- बच्चों की डिमांड पर मासूम शर्मा ने गाना गया था। पहले मुझे हरियाणवी समझ नहीं आई थी, लेकिन बाद में मैंने मासूम शर्मा को तुरंत इसके लिए टोक दिया था, क्योंकि यह गाना हरियाणा सरकार द्वारा बैन है। इसके बाद मैं स्टेज से भी नीचे उतर गई। मैं ऐसी किसी भी चीज को प्रमोट नहीं करती, जो नियमों के खिलाफ है। इससे पहले, गुरुग्राम में भी लाइव शो के दौरान मासूम शर्मा ने खटोला गाना गया था। तब पुलिस अधिकारी ने उनके हाथ से माइक छीन लिया था। सिंगर ने मंच से कहा भी-ये गाना बैन है
वीडियो में दिख रहा है कि जब मासूम शर्मा स्टेज पर आए तो दर्शकों ने एक खटोला जेल के भीतर गाने की डिमांड कर दी। मासूम शर्मा ने 2 लाइन सुनाने के बाद गाने से मना करते हुए कहा कि यह गाना बैन हो चुका है। मैं इसे थोड़े दूसरे तरीके से गाता हूं, लेकिन दर्शकों ने हाथ हिलाकर मना कर दिया। मासूम शर्मा ने दर्शकों की डिमांड पर फिर से एक खटोला जेल के भीतर पूरा सॉन्ग दर्शकों को गाकर सुनाया। इस दौरान मंच पर खड़ीं राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा मुस्कराते हुए सिंगर और श्रोताओं का वीडियो बनाती दिख रही हैं। भाजपा के दूसरे नेता मासूम शर्मा के साथ स्टेज पर डांस करते दिखे। गाने को लेकर चैलेंज दे चुके हैं मासूम
मासूम शर्मा ने 3 महीने पहले दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था कि अपने बैन हुए गाने कार्यक्रमों में गाऊंगा। कानून की नजर में अभी मेरे गाने बैन नहीं हैं। इन्हें केवल यूट्यूब पर बैन किया गया है। अगर कहीं भी लाइव शो होता है और पब्लिक की डिमांड आती है तो मैं बैन गाने गाता रहूंगा। पब्लिक जो सुनना चाहेगी, वही गाऊंगा। देश में कहीं पर भी कार्यक्रम होगा तो मैं बैन गाने परफॉर्म करता रहूंगा। मासूम शर्मा ने दोटूक कहा कि जो लोग सुनना चाहते हैं, वही सुना रहे हैं। अगर इस तरह के गाने बंद होने चाहिए तो फिर पहले लोगों को बदलना होगा। मैंने शिव तांडव गाया तो 2 साल में उस पर 5 लाख व्यूज आए, जबकि जेल में खटोला, चंबल के डाकू जैसे गाने एक दिन में ही 10 लाख से ऊपर चले जाते हैं। इससे साफ है कि लोग यही सुनना चाह रहे हैं। गुरुग्राम में पुलिस ने छीन लिया था माइक 21 मार्च 2025 को गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित जिमखाना क्लब में लाइव शो के दौरान भी मासूम शर्मा ने बैन गाना खटोला-2 गाना शुरू किया था, लेकिन ACP ने तुरंत माइक ले लिया। इसके बाद मासूम शर्मा का शो बीच में ही बंद करा दिया गया। जब पुलिस ने गाने से रोका तो वहां मासूम को सुनने आई भीड़ ने जमकर शोर मचाया। इस दौरान कुछ युवकों ने स्टेज पर चढ़ने की भी कोशिश की। हालांकि, वहां तैनात बाउंसरों ने उन्हें रोक दिया। चंडीगढ़ में बैन गाने पर दर्ज हुई थी FIR
मासूम शर्मा का चंबल का डाकू गाना भी बैन है। उनका 28 मार्च 2025 को चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में लाइव शो था। यहां उन्होंने चंबल का डाकू गाना गाया था। इस गाने को लेकर चंडीगढ़ के सेक्टर 11 थाने में FIR दर्ज की गई थी। इसी शो में यूनिवर्सिटी के एक सेकेंड ईयर के स्टूडेंट आदित्य ठाकुर की पीट-पीटकर हत्या भी कर दी गई थी। इसका एक वीडियो भी सामने आया था। अब जानिए कौन हैं राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा… उत्तराखंड में जन्मीं रेखा शर्मा, मोदी की करीबी
रेखा शर्मा मूलरूप से उत्तराखंड की हैं। पॉलिटिकल साइंस में डिग्री हासिल करने के बाद मार्केटिंग और एडवरटाइजिंग में डिप्लोमा किया। उनका राजनीतिक करियर हरियाणा के पंचकूला जिले में भाजपा की जिला सचिव के रूप में शुरू हुआ। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के मीडिया विभाग की जिम्मेदारी भी संभाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में उन्हें राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन नियुक्त किया गया। उनके कार्यकाल को 2018 में बढ़ा दिया गया और वे लगभग 9 वर्षों तक इस पद पर रहीं। उनकी शादी सेना के अफसर से हुई। अब ससुराल पक्ष पंचकूला में ही बसा है। रेप के मुद्दे पर खुलकर बोलीं, विवादों में रहीं
महिला सुरक्षा और रेप के मुद्दों को खुलकर उठाने वाली रेखा कई बार विवादों में रही हैं। इतना ही नहीं महिलाओं के साथ मानसिक और शारीरिक शोषण को करीब से समझने के लिए उन्होंने जेल और चिकित्सा केन्द्रों का दौरा किया है। रेखा शर्मा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की करीबी हैं। जब मोदी हरियाणा के संगठन मंत्री थे, तब रेखा पंचकूला में भाजपा ऑफिस संभालती थीं। —————————————- ये खबर भी पढ़ें :- मेलबर्न में मासूम शर्मा के शो में हंगामा:लेट आने पर कुछ युवकों ने अश्लील इशारे किए, हरियाणवी सिंगर भी अपशब्द बोलकर निकले ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में चल रहे हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के लाइव शो में हंगामा हो गया। आरोप है कि मासूम शर्मा के शो में देरी से आने पर कुछ युवकों ने मंच के सामने आकर अश्लील इशारे किए। मासूम ने युवक की बात सुनने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद अन्य युवकों ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…


