हापुड़ में बच्ची इंसा की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बुधवार को लगने वाली साप्ताहिक पैठ के कारण लगे भीषण जाम में वाहन फंस गया। जिससे अस्पताल पहुंचने में देरी हुई। मामला कोटला सादात क्षेत्र का है। गुलावटी से मामा के घर आई थी बच्ची जानकारी के अनुसार, इंसा (6) बुलंदशहर से अपने मामा के घर कोटला सादात आई हुई थी। वह पहले से बीमार चल रही थी। मंगलवार को उसे अचानक दौरा पड़ा, जिसके बाद परिजनों ने तत्काल उसे हापुड़ में इलाज के लिए ले जाने का निर्णय लिया। इंसा के मामा दानिश उसे अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में जाम ने हालात बिगाड़ दिए। पैठ के कारण लगा था जाम बुधवार को कोटला सादात क्षेत्र में साप्ताहिक पैठ लगती है। परिजनों के मुताबिक, अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्थित यातायात के कारण वाहन जाम में फंस गया। समय पर अस्पताल न पहुंच पाने से बच्ची की हालत और बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने इंसा को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में रोष है। उनका कहना है कि हर बुधवार और त्योहारों पर पैठ के कारण भारी जाम लगता है, जिससे आम लोगों को परेशानी होती है। आपातकालीन स्थिति में यह स्थिति जानलेवा साबित हो सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पैठ की व्यवस्था सुधारने और आपातकालीन वाहनों के लिए अलग मार्ग सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।


