पानी से भरे गड्ढे में डूबकर मासूम की मौत:संभल में ईंट भट्टा मालिक पर लापरवाही का आरोप

पानी से भरे गड्ढे में डूबकर मासूम की मौत:संभल में ईंट भट्टा मालिक पर लापरवाही का आरोप

संभल में बुधवार रात को ईंट भट्टे के पास बारिश से भरे गड्ढे में डूबकर बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रियांश (8) पुत्र जितेंद्र के रूप में हुई है। मामला हयात नगर थाना क्षेत्र के बरवारी की मढ़ैया गांव का है। परिजनों के मुताबिक, प्रियांश की मां सरिता सब्जी बनाने के लिए घर के अंदर गई थीं। इसी दौरान प्रियांश खेलते-खेलते घर से बाहर निकल गया। जब वह काफी देर तक नजर नहीं आया तो परिजनों ने ईंट भट्टे के आसपास करीब एक घंटे तक तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में ग्रामीणों की सूचना पर परिजन बारिश के पानी से भरे गड्ढे में उतरे, जहां बच्चे का शव मिला। गड्ढे में पानी सिर तक भरा हुआ था और बाहर निकालने तक प्रियांश की मौत हो चुकी थी। मृतक के पिता जितेंद्र ने आरोप लगाया कि ईंट भट्टा मालिक ने उसी दिन जेसीबी से रास्ते के पास गड्ढा खुदवाया था। उन्होंने पहले ही गड्ढा खोदने से मना किया था, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई। जितेंद्र का यह भी आरोप है कि हादसे के बाद जब वे शिकायत करने पहुंचे तो भट्टे पर मौजूद लोगों ने उन्हें धमकाकर भगा दिया। मां सरिता ने बताया कि बेटा उनके पास ही बैठा था। थोड़ी देर के लिए वह रसोई में गईं और इसी दौरान वह बाहर चला गया। काफी खोजबीन के बाद गड्ढे में उसका शव मिला, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी उमेश सोलंकी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को गांव भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *