मेरठ में नाले में बच्चा गिरने की सूचना:6 घंटे चला सर्च ऑपरेशन, एक किमी तक कुछ नहीं मिला

मेरठ में नाले में बच्चा गिरने की सूचना:6 घंटे चला सर्च ऑपरेशन, एक किमी तक कुछ नहीं मिला

मेरठ के टीपीनगर स्थित दिल्ली रोड पर सोमवार को एक बच्चे के नाले में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस और नगर निगम की टीमों ने तत्काल बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 6 घंटे तक चले इस अभियान में एक किलोमीटर तक नाले की तलाशी ली गई, लेकिन किसी के गिरने की पुष्टि नहीं हो सकी। यह घटना दिल्ली रोड स्थित मंडी के सामने हुई। सूचना मिलते ही टीपीनगर थाना पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीपीनगर इंस्पेक्टर अरुण मिश्रा स्वयं नाले में उतरकर बच्चे की तलाश में जुट गए। बाद में नगर निगम की मदद से बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। तीन जेसीबी मशीनों का उपयोग कर लगभग एक किलोमीटर लंबे नाले की गहन तलाशी ली गई। देर रात तक चले इस अभियान के बावजूद किसी बच्चे या व्यक्ति के गिरने की पुष्टि नहीं हो पाई। लगभग रात 10 बजे सर्च ऑपरेशन को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। हालांकि, प्रशासन ने एहतियात के तौर पर निगरानी जारी रखने का फैसला किया है। पुलिस के अनुसार, बच्चे के गिरने की यह खबर सोमवार शाम करीब 3 बजे फैली। एक महिला मंदिर जा रही थी, जिसने नाले की दीवार पर एक युवक को बैठे देखा था। लगभग एक घंटे बाद जब वह वापस लौटी, तो युवक वहां नहीं था। महिला ने आशंका के चलते शोर मचाया कि शायद युवक नाले में गिर गया हो। इसी दौरान, इलाके के एक निवासी सुरेश ने पुलिस को फोन कर नाले में बच्चा गिरने की सूचना दी, जिसके बाद यह पूरा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *