इंदौर के द्वारकापुरी में 25 वर्षीय एमबीए छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस मुख्य आरोपी पीयूष धमनोतिया की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस को आरोपी की लोकेशन शहर से करीब 1000 किलो मीटर दूर एक पिकनिक स्पॉट पर मिली है, जहां वह मृतका का मोबाइल चालू कर इस्तेमाल कर रहा था। उसे पकड़ने के लिए इंदौर पुलिस की टीमें शुक्रवार देर शाम रवाना हो गई हैं। हत्या के बाद भागा आरोपी जानकारी के अनुसार 10 फरवरी की रात हत्या के बाद आरोपी करीब 8 बजे अपने कमरे से निकलता दिखाई दिया। इसके बाद उसकी अलग-अलग जगहों पर लोकेशन ट्रेस हुई। बताया जा रहा है कि उसने उसी रात छात्रा की हत्या कर दी थी और बाद में युवती के मोबाइल का इस्तेमाल करता रहा। आरोपी ने रात 11 बजे युवती के मोबाइल से उसकी बहन को मैसेज भेजा। जिसमें लिखा था-“पापा से कहना अब वह घर नहीं लौटेगी।” इसके बाद परिजनों ने उसकी सहेलियों को कॉल किए, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। आपत्तिजनक वीडियो वायरल किए पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने दोनों के बीच के 11 आपत्तिजनक वीडियो कॉलेज ग्रुप में शेयर किए और बाद में युवती के वॉट्सऐप स्टेटस पर भी अपलोड कर दिए। इसके बाद मोबाइल में सेव सभी नंबरों पर वीडियो भेजे गए, जिससे रिश्तेदारों में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलने पर परिजन पंढरीनाथ थाना पहुंचे। पुलिस ने आरोपी के पिता से पूछताछ भी की और जांच जारी रखी। कमरे पर लगा मिला ताला गुरुवार रात जांच अधिकारी गोकुल मालवीय आरोपी के कमरे पर पहुंचे, जहां ताला लगा मिला। मकान मालिक से एक और ताला लगवाकर पुलिस ने निगरानी के निर्देश दिए हैं। परिवार सदमे में घटना के बाद युवती की छोटी बहन की तबीयत बिगड़ गई और वह कई बार बेहोश हुई। परिजनों के मुताबिक युवती पहले ही आरोपी के बारे में परिवार को बताने वाली थी, लेकिन उसने कहा था कि जब आरोपी का परिवार राजी हो जाएगा तब सब कुछ बताएगी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने रिश्ते को आगे नहीं बढ़ाना चाहा और इसी वजह से इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। ये खबर भी पढ़िए… क्लासमेट के कमरे में निर्वस्त्र मिला MBA छात्रा का शव इंदौर में 25 वर्षीय एमबीए छात्रा का शव निर्वस्त्र हालत में उसके क्लासमेट के कमरे में मिला है। कमरे के बाहर ताला लगा हुआ था। छात्रा तीन दिन से लापता थी। 10 फरवरी की रात कॉलेज के आधिकारिक वॉट्सएप ग्रुप पर छात्रा के मोबाइल फोन से एक आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट हुआ था। पढ़ें पूरी खबर…


