इंदौर-इच्छापुर नेशनल हाईवे पर लगा जाम, 8 घंटे तक फंसे रहे लोग

इंदौर-इच्छापुर नेशनल हाईवे पर लगा जाम, 8 घंटे तक फंसे रहे लोग

mp news: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में इंदौर-इच्छापुर नेशनल हाईवे पर शनिवार को भेरूघाट क्षेत्र में लंबा जाम लगने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह करीब साढ़े सात बजे शुरू हुआ जाम दोपहर बाद तक बना रहा। हालात यह रहे कि हाईवे पर करीब सात से आठ किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई और वाहन घंटों रेंगते हुए आगे बढ़ते रहे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गई। मानपुर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि सुबह भेरूघाट क्षेत्र में दो बड़े वाहन खराब हो गए थे, जिन्हें सडक़ किनारे करवाया गया। इसके बाद पुलिस ने धीरे-धीरे यातायात को सुचारु कराया।

दो ट्रक खराब होने से लगा जाम

भेरूघाट के घाट सेक्शन में शनिवार सुबह दो भारी वाहन अलग-अलग स्थानों पर खराब हो गए थे। सड़क अपेक्षाकृत संकरी होने और ढलान वाले हिस्से में ट्रकों के खराब होने से पीछे से आने वाले वाहनों की रफ्तार थम गई। कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कुछ वाहन चालकों ने ओवरटेकिंग का प्रयास किया, जिससे जाम और लंबा होता चला गया।

सात से आठ किलोमीटर तक लगी कतार

देखते ही देखते हाईवे पर करीब सात से आठ किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गई। सुबह से शुरू हुई यह परेशानी दोपहर करीब तीन बजे तक बनी रही। इस दौरान यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। बता दें कि भेरूघाट का हिस्सा ढलान और तीखे मोड़ों वाला होने के कारण यहां भारी वाहनों के खराब होने या ओवरटेकिंग के चलते अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे के इस हिस्से में यातायात प्रबंधन के लिए स्थायी व्यवस्था की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *