11 यात्री बसों पर जुर्माना, 1 बस का पंजीयन निरस्त:यात्रियों से अधिक किराया, परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने पर की गई कार्रवाई

11 यात्री बसों पर जुर्माना, 1 बस का पंजीयन निरस्त:यात्रियों से अधिक किराया, परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने पर की गई कार्रवाई

सागर में त्योहारों को देखते हुए परिवहन विभाग ने यात्री बसों की चेकिंग की। चेकिंग के दौरान ओवरलोड, अधिक किराया, परमिट समेत अन्य कमियों की जांच की गई। जांच के दौरान 11 यात्री बसों में कमियां मिली। जिस पर उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की गई। वहीं एक बस का पंजीयन निरस्त किया गया है। दरअसल, परिवहन विभाग ने बहेरिया चौराहा और बंडा रोड पर यात्री बसों की चेकिंग की। चेकिंग में ओवरलोड, अधिक किराया लेने, परमिट शर्तों का उल्लंघन, टैक्स बकाया आदि कमियों को लेकर 24 यात्री बसों पर जांच की गई। जांच में 11 यात्री बसों में मौके पर दस्तावेज नहीं मिले, परमिट शर्तों का उल्लंघन, यात्रियों से अधिक किराया वसूली, एचएसआरपी नंबर प्लेट, चालक और परिचालक निर्धारित गणवेश में नहीं थे, रेडियम रिफ्लेक्टर टेप और अग्निशमन यंत्र, अन्य सुरक्षा संबंधी उपाय नहीं होने पर जुर्माने की कार्रवाई की गई। उक्त यात्री बसों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई कर 23 हजार 800 रुपए का जुर्माना वसूला गया। एक बस का पंजीयन निरस्त किया गया है।
वाहन के दस्तावेज रखे साथ
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मनोज तेनगुरिया ने वाहन स्वामियों को हिदायत देते हुए कहा कि वे अपने वाहनों के संचालन के दौरान वाहन से संबंधित सभी दस्तावेज, बीमा, फिटनेस, परमिट, पंजीयन कार्ड, वाहन चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, टैक्स प्रमाण पत्र, प्रदूषण प्रमाण पत्र आदि अनिवार्य रूप से साथ में रखे। बकायादार परिवहन विभाग की बकाया राजस्व राशि को तत्काल जमा कराए। समय पर बकाया जमा नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *