आगरा संजय प्लेस स्थित अशोक कॉसमॉस मॉल में चैंपियन मीट्स चैंपियन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा का शानदार स्वागत और सम्मान किया गया। इस अवसर पर टाटा सिएरा कार की चाबी उन्हें भेंट की गई। कार्यक्रम का आयोजन अशोक ऑटो सेल्स द्वारा किया गया, जिसकी प्रबंध निदेशक डॉ. रंजना बंसल ने मुख्य भूमिका निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भगवान गणेश की वंदना से हुआ। इसके बाद 51 गेंदों से विशेष रूप से तैयार माला पहनाकर दीप्ति शर्मा का अभिनंदन किया गया। इस्कॉन टीम द्वारा अदिति कुकरेजा के मार्गदर्शन में स्वस्ति वाचन के पश्चात, डॉ. रंजना बंसल, दीपक कुमार (कमिश्नर ऑफ पुलिस), तथा टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि नितुल शर्मा, प्रसून सिंह और सिद्धार्थ वर्मा द्वारा संयुक्त रूप से टाटा सिएरा की चाबी भेंट की गई। टी विद दीप्ति संवाद सत्र में डॉ. रंजना बंसल ने रैपिड फायर राउंड के माध्यम से दीप्ति शर्मा से उनके जीवन और करियर से जुड़े कई रोचक प्रश्न पूछे। दीप्ति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने भाई सुमित को देते हुए कहा कि उन्हीं के समर्पण और त्याग ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। दीप्ति ने बताया कि क्रिकेट में उन्हें बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग तीनों ही पसंद हैं और वह एक ऑलराउंडर के रूप में टीम में योगदान देना चाहती हैं। अगर वह क्रिकेटर नहीं होतीं, तो बैडमिंटन खिलाड़ी बनना पसंद करतीं। उन्होंने यह भी साझा किया कि वह सोने से पहले नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करती हैं।


