भारत ने टी-20 विश्व कप का खिताब जीत लिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। यह भारत की तीसरी टी-20 विश्व कप जीत है और टीम ने लगातार दूसरी बार यह खिताब अपने नाम किया है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद जालौन जिले के उरई शहर में क्रिकेट प्रेमियों ने जोरदार जश्न मनाया। जीत की घोषणा होते ही उरई शहर में उत्साह का माहौल बन गया। क्रिकेट प्रेमी सड़कों पर उतर आए और ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘टीम इंडिया’ के समर्थन में नारे लगाए। शहर के प्रमुख भगत सिंह चौराहे पर बड़ी संख्या में युवा और क्रिकेट प्रेमी एकत्रित हुए। उन्होंने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। जश्न के दौरान क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर आतिशबाजी की। ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते हुए टीम इंडिया की जीत का उत्साह मनाया गया। कई युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर रैलियां निकालीं, जिससे देशभक्ति के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। शहर में देर रात तक जश्न का यह सिलसिला जारी रहा। स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों ने भारतीय टीम के पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन की सराहना की। उनका कहना था कि फाइनल में 96 रन की बड़ी जीत ने देशवासियों को गर्व का अवसर दिया है। टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत से उरई सहित पूरे जालौन जिले में उत्साह और गर्व का माहौल बना हुआ है।


