मथुरा में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (CHO) ने संविदा जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) संजय सिहोरिया को हटाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। सोमवार को CHO मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए, जिससे कई आरोग्य केंद्रों की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। धरने पर बैठे CHO का आरोप है कि DPM संजय सिहोरिया उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और अवैध वसूली का दबाव बनाते हैं। कर्मचारियों के अनुसार, विरोध करने पर उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। CHO ने विभाग में तानाशाही और उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है।
कर्मचारियों ने बताया कि NQAS सम्मान प्राप्त CHO रमारानी को भी कथित तौर पर फंसाने का प्रयास किया गया। उनका आरोप है कि वेतन रोकने और अपमानजनक भाषा के प्रयोग से वे आहत हैं, जिसके विरोध में उन्होंने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल की सूचना पर एसडीएम मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। हालांकि, CHO अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक DPM के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें पद से नहीं हटाया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी और आरोग्य केंद्रों के ताले नहीं खुलेंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ ने बताया कि कुछ CHO के ड्यूटी पर न जाने की शिकायतें मिली थीं। भौतिक सत्यापन और बीसी (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) के माध्यम से उनकी अनुपस्थिति की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि इसी कार्रवाई के विरोध में कुछ कर्मचारी धरने पर बैठे हैं। इस हड़ताल के कारण जिले में स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है।


