Ind W vs Aus W : इन दो खिलाड़ियों ने भारत से छीना मैच, बेअसर रहे भारतीय गेंदबाज

Ind W vs Aus W : इन दो खिलाड़ियों ने भारत से छीना मैच, बेअसर रहे भारतीय गेंदबाज

Ind W vs Aus W 2nd ODI : होबार्ट के बेलेरिव ओवल में खेले गए दूसरे वन-डे में भारत ने 251/9 का स्कोर बनाया, लेकिन फोएबे लिचफील्ड (80) और जॉर्जिया वोल (101) की जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से जीत दिलाई। भारतीय टीम गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों विभागों में पीछे रही। सीरीज में ऑस्ट्रेलिया 2-0 से आगे है। 

Ind W vs Aus W 2nd ODI : बेलेरिव ओवल, होबार्ट में खेले गए तीन मैचों की वन-डे सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने भारत को 5 विकेट से रौंदकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। प्रतिका रावल (52) और हरमनप्रीत कौर (54) के अर्धशतकों की बदौलत भारत ने 50 ओवरों में 251/9 का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। मगर जवाब में फोएबे लिचफील्ड और जॉर्जिया वोल ने ऐसा तूफान मचाया कि 252 रनों का लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया ने 36.1 ओवर में ही पूरा कर लिया। वोल 101 रन बनाकर आउट हुई और लिचफील्ड ने 80 रन की आक्रामक पारी खेली। वोल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला

भारतीय बल्लेबाजी: शुरुआत अच्छी, मध्यक्रम ने किया निराश

हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और शुरुआत उम्मीद भरी रही। स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़े। रावल ने 76 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, हालांकि मंधाना (31) लय नहीं पकड़ पाई और गार्डनर की गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौटी। इसके बाद भारत के मध्यक्रम जिस तरह से ढह गया वह चिंताजनक था, मात्र 52 रनों में 5 विकेट गिर गए। जेमिमा रोड्रिग्ज (11) और रिचा घोष (22) जल्दी आउट हुई।

हालांकि कप्तान हरमनप्रीत ने 70 गेंदों में 54 रनों की जिम्मेदार पारी खेलकर टीम को संभाला और काश्वी गौतम (25) के साथ सातवें विकेट के लिए 55 रन जोड़कर टीम को 251 तक पहुंचाया। गेंदबाजी में गार्डनर (2/39), सदरलैंड (2/37) और किंग (2 विकेट) ने मिलकर भारत को 300 के पार जाने से रोका।

लिचफील्ड और वोल का तांडव, बेबस नजर आई भारतीय गेंदबाजी

252 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत फोएबे लिचफील्ड और एलिसा हीली ने की। एलिसा का विकेट 21 रन के स्कोर पर गिरने के बाद लिचफील्ड और वोल ने मिलकर भारतीय गेंदबाजों का हर दांव नाकाम कर दिया। लिचफील्ड ने रिवर्स स्वीप से लेकर स्ट्रेट ड्राइव तक हर शॉट पर रन बटोरे और 80 रनों की मजबूत पारी के बाद टीम की जीत लगभग सुनिश्चित करने के बाद क्रांति गौड़ की गेंद पर पवेलियन लौटी। वोल ने रफ्तार धीमी नहीं होने दी, पावरप्ले में ही उन्होंने भारतीय गेंदबाजों को बेरहमी से पीटा और 25 ओवरों के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 182/2 था। वोल 31वें ओवर की आखिरी गेंद पर 101 रन बनाकर काश्वी गौतम की गेंद पर आउट हुई। भारतीय गेंदबाजों की कोई भी रणनीति काम नहीं आई, न रफ्तार, न स्पिन का जाल। ऑस्ट्रेलिया ने 83 गेंदें शेष रहते लक्ष्य का सफल पीछा कर लिया। सीरीज में 0-2 से पिछड़ने के बाद भारत के लिए 1 मार्च को होने वाला तीसरा और अंतिम वन-डे महज एक औपचारिकता बनकर रह गया है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *