IND vs USA: भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान का आगाज जीत के साथ किया है। शनिवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने यूएसए के खिलाफ 29 रनों से शानदार जीत दर्ज की है। इस जीत के हीरो कप्तान सूर्यकुमार यादव रहे, जिन्होंने 49 गेंद पर नाबाद 84 रन की विस्फोटक पारी खेली। भारतीय कप्तान को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के बाद सूर्या ने स्वीकार किया किया 6 विकेट गिरने के बाद वह बहुत प्रेशर महसूस कर रहे थे।
‘मैं कितना प्रेशर महसूस कर रहा था’
भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद कहा कि सच कहूं तो 77 रन पर 6 विकेट गिरने के उस समय मैं कितना प्रेशर महसूस कर रहा था, यह सिर्फ मैं ही बता सकता हूं। लेकिन, साथ ही मुझे यह विश्वास था कि मैंने ऐसी ही स्थितियों में पहले भी बैटिंग की है और मैंने मुंबई के मैदानों में बहुत क्रिकेट खेला है। इसलिए मुझे पता था कि अगर मैं आखिर तक बैटिंग करूं तो मैं फर्क ला सकता हूं।
‘कुछ चीजें उनके कंट्रोल में नहीं होतीं’
वहीं, पिच को लेकर उन्होंने कहा कि वानखेड़े की यह पिच थोड़ी अलग थी। जब हम सुबह उठे तो हमने देखा कि बाहर ज्यादा धूप नहीं थी। मुझे लगता है कि क्यूरेटर और ग्राउंड्समैन ने सबसे अच्छी पिच तैयार करने की पूरी कोशिश की। लेकिन, कुछ चीजें उनके कंट्रोल में नहीं होतीं। इसलिए पिच को रोल करने और पानी देने के लिए पर्याप्त धूप नहीं थी। शायद इसी वजह से, लेकिन हम हर चीज को नज़रअंदाज नहीं कर सकते। हम थोड़ी बेहतर बैटिंग कर सकते थे।
अपने बल्लेबाजों पर बरसे सूर्या
आप और क्या बेहतर कर सकते थे? इस पर सूर्या ने अपने बल्लेबाजों पर बरसते हुए कहा कि मुझे लगता है कि जीतने के बाद भी आपको बहुत कुछ सीखने को मिलता है। आज हमने सीखा कि हम थोड़ी बेहतर या शायद थोड़ी समझदारी से बैटिंग कर सकते थे। छोटी-छोटी पार्टनरशिप हमें 160 तक पहुंचा सकती हैं। एक या दो बैट्समैन आखिर तक खेलने की कोशिश करें। लेकिन, कोई बात नहीं। अब हम आराम से बैठेंगे, हमारे पास अगले मैच के लिए पांच दिन का समय है और हम और मजबूत होकर वापस आएंगे।


