Ind vs Sa T20 World Cup 2026 Super 8 Update: रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए सुपर-8 के तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका ने 76 रन से हरा दिया। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 187 रन बनाए। 188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 111 रन पर ही ढेर हो गई। इससे पहले दूसरी मेजबान टीम श्रीलंका को भी हार का सामना करना पड़ा था, जहां वो इंग्लैंड के सामने 95 रन पर ढेर हो गई थी।
सूर्या ने की बड़ी गलती
इस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव से गेंदबाजी के दौरान बड़ी गलती हुई और उन्होंने एक ऐसा फैसला लिया, जिसका खामियाजा भारतीय टीम को मैच हारकर चुकाना पड़ा। आपको बता दें कि एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टॉप के तीन बल्लेबाज 20 रन के स्कोर पर ही पवेलियन लौट गए। कप्तान एडेन मार्करम के साथ क्विंटन डी कॉक और रायन रिकल्टन सस्ते में आउट हो गए और तीनों बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके।
हालांकि इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने बड़ी गलती करते हुए गेंदबाजी में बदलाव कर दिया। अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों को परेशान कर रहे थे और रन पर कंट्रोल बनाए हुए थे, लेकिन चार ओवर के बाद सूर्यकुमार यादव ने वरुण चक्रवर्ती को मोर्चे पर लगाया और यहीं से साउथ अफ्रीका ने मैच पलट दिया। डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर ने खुलकर रन बनाए और टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। आखिर में ट्रिस्टन स्टब्स ने ताबड़तोड़ पारी खेलकर साउथ अफ्रीका को 180 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
बुमराह ने फिर की घातक गेंदबाजी
ब्रेविस ने 29 गेंदों में 45 रन बनाए, जबकि डेविड मिलर ने 35 गेंदों में तीन छक्के और सात चौकों की मदद से 63 रन की पारी खेली। ट्रिस्टन स्टब्स 24 गेंदों में 44 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 15 रन देकर तीन विकेट चटकाए, जबकि अर्शदीप सिंह ने चार ओवर में 28 रन देकर दो विकेट हासिल किए। वहीं वरुण चक्रवर्ती ने चार ओवर में 47 रन लुटाए और शिवम दुबे ने दो ओवर में 32 रन खर्च किए।
188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। ईशान किशन बिना खाता खोले पहले ओवर में ही आउट हो गए। अभिषेक शर्मा 15 रन, तिलक वर्मा 1 रन, सूर्यकुमार यादव 18 रन और वॉशिंगटन सुंदर 11 रन बनाकर आउट हो गए। भारतीय टीम ने 51 रन के स्कोर पर ही पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद रिंकू सिंह भी खाता नहीं खोल सके और अर्शदीप एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
शिवम दुबे ने कुछ देर तक अकेले संघर्ष जरूर किया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास साथ नहीं मिला। दुबे 37 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हुए। भारतीय टीम सुपर-8 का यह मुकाबला हार गई। अब टीम इंडिया को जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज का मुकाबला करना है और सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए हर हार में दोनों मुकाबले बड़े अंतर से जीतना होगा।


