IND vs NZ final, Ahmedabad Pitch Report: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। इससे पहले पिच को लेकर बड़ा अपडेट सामने आ रहा है।
IND vs NZ final, Ahmedabad Pitch Report: टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब आखिरी मोड़ पर पहुंच गया है। खिताबी मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेला जाना है। खबर आ रही है कि अहमदाबाद में फाइनल मुंबई में सेमीफाइनल में इस्तेमाल हुई जैसी पिच पर ही खेला जाएगा। सेमीफाइनल से पहले मुंबई की हरी-भरी पिच ने शुरू में लोगों को चौंका दिया था, लेकिन आखिर में रिकॉर्ड 499 रन बने। रविवार को खिताबी मुकाबले में भी पिच से कम टर्न मिलने की उम्मीद है, लेकिन इससे अच्छी पेस और बाउंस मिलेगा। आइये इस मैच से पहले पिच रिपोर्ट पर एक नजर डालते हैं।
सेंटर पिच पर खेला जाएगा खिताबी मुकाबला
ईएसपीएन क्रिकइंफो की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, भारत बनाम न्यूजीलैंड फाइनल मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम की सेंटर पिच पर खेला जाएगा, जो कि लाल और काली मिट्टी का मिक्सअप है। इसके वानखेड़े की पिच की तरह अच्छा बाउंस और सीमर-फ्रेंडली होने की संभावना है। यहां स्कोर 200 के आसपास बनने की उम्मीद है।
सिर्फ एक मैच खेला गया है इस पिच पर
पिच एकदम फ्रेश है। टी20 वर्ल्ड कप में इस पर सिर्फ एक मैच ही खेला गया है, जो कि 9 फरवरी को कनाडा और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया था। उस शाम के मैच में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोर बोर्ड पर 213 रन लगाए थे और 53 रन से जीत दर्ज की थी।
साउथ अफ्रीका से हारा था न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड ने इस टूर्नामेंट में अहमदाबाद में सिर्फ एक मैच खेला है, जबकि भारत ने यहां दो मैच खेले हैं। 14 फरवरी को लाल मिट्टी की पिच पर खेले गए ग्रुप मैच में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 17 गेंद शेष रहते 177 रन का टारगेट चेज करते हुए सात विकेट से जीत दर्ज की थी।
अहमदाबाद में भारत ने एक जीता तो एक मैच गंवाया
भारत ने 18 फरवरी को आखिरी ग्रुप मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए यहां 193 रन बनाने के बाद नीदरलैंड्स को 17 रन से हराया था। फिर 22 फरवरी को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच सुपर-8 मैच खेला गया, जिसमें टीम इंडिया को 76 रन से हार का सामना करना पड़ा था, उस मैच में साउथ अफ्रीका ने 187 रन का टारगेट सफलतापूर्वक डिफेंड किया था। यह मैच काली मिट्टी की पिच पर खेला गया था।
एक साल में दूसरी बार आईसीसी इवेंट में आमना-सामना
भारतीय टीम शनिवार को अपनी ट्रेनिंग करेगी। इससे पहले न्यूजीलैंड ने गुरुवार से ही अहमदाबाद पहुंचकर अपनी ट्रेनिंग शुरू कर दी है। एक साल में यह दूसरी बार है, जब दोनों टीमें किसी ग्लोबल टूर्नामेंट के फाइनल में आमने-सामने होंगी, इससे पहले भारत ने दुबई में 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराया था।
Sports – Patrika | CMS


