Suryakumar Yadav on Mitchell Santners claim: न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल से पहले भारत को 220 के स्कोर पर रोकने का दावा किया है। इस पर पलटवार करते हुए भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मुस्कुराते हुए कहा कि झूठ बोल रहा है। हम अच्छी बैटिंग करने की कोशिश करेंगे। अगर हम 225 या 250 रन बनाते हैं, तो यह अच्छा होगा।
Suryakumar Yadav on Mitchell Santners claim: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के महामुकाबले को लेकर फैंस का उत्साह चरम पर है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस हाईवोल्टेज मुकाबले का सभी को बेसब्री से इंतजार है। महाभिड़ंत से पहले टीमों के बीच हमेशा की तरह टेंशन और माइंड गेम्स भी देखने को मिल रहा है। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने कुछ ऐसा कह दिया जिस पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पलटवार किया है।
सेंटनर ने किया था ये दावा
भारत वानखेड़े स्टेडियम में सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 253/7 का स्कोर बनाने के बाद मजबूत मोमेंटम के साथ फाइनल में उतरेगा। लेकिन, न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर का मानना है कि उनकी टीम के लिए सबसे जरूरी है कि वह टीम इंडिया को एक और बड़ा टोटल बनाने से रोकें। उन्होंने कहा कि अगर विकेट पिछली रात की तरह फ्लैट होने वाला है तो हमें 250 के बजाय भारत को 220 पर रोकने की कोशिश करने से अच्छा मौका मिल सकता है।
सूर्या का पलटवार
जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से सेंटनर के बयान पर सवाल किया गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया। ‘झूठ बोल रहा है। हम अच्छी बैटिंग करने की कोशिश करेंगे। अगर हम 225 या 250 रन बनाते हैं तो यह अच्छा होगा। लेकिन, कभी-कभी विकेट अलग होता है और हमें अलग तरह से खेलना पड़ता है। हम ड्रेसिंग रूम से यह अंदाजा नहीं लगाते कि हमें इतना स्कोर करना है। पिच की जो भी डिमांड होगी, हमें उसी तरह खेलना होगा।
‘कुछ तो नया बोलो’
सेंटनर ने यह भी कहा कि भारत को घर पर भीड़ के सामने फाइनल खेलते समय कितना प्रेशर महसूस हो सकता है। उनका गोल है, भीड़ को चुप कराना। मुझे लगता है कि भारत पर घर पर जीतने का बहुत दबाव है। मैं काफी एक्साइटेड हूं। हम यहां पहले भी खेल चुके हैं। इसमें कोई सीक्रेट नहीं है।
सेंटनर की बात ने कई लोगों को 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल से पहले पैट कमिंस के कमेंट की याद दिला दी, जिसमें उन्होंने भीड़ को चुप कराने की बात कही थी। जबकि, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच से पहले सैम कुरेन ने भी भीड़ को चुप कराने का दावा किया था। सूर्यकुमार भी उस पर मजाक उड़ाते हुए बोले कि ‘सब एक ही लाइन चिपका रहे हैं। कुछ तो नया बोलो।’
Sports – Patrika | CMS


