कांग्रेस का ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान शुरू:डूंगरपुर में कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प, भाजपा पर चुनाव टालने का आरोप

कांग्रेस का ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान शुरू:डूंगरपुर में कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प, भाजपा पर चुनाव टालने का आरोप

डूंगरपुर में कांग्रेस के “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। सागवाड़ा डाक बंगला परिसर में हुई इस बैठक में नगर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया। इस दौरान केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर चुनाव न करवाने का आरोप लगाया गया। बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष और विधायक गणेश घोगरा, वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक सुरेंद्र बामणिया सहित ब्लॉक अध्यक्ष और ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए। विधायक गणेश घोगरा और अन्य पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को अभियान की जानकारी दी। उन्होंने वार्ड से लेकर पंचायत स्तर पर कार्यकारिणी बनाकर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर संवैधानिक मूल्यों की अनदेखी करने और लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंचायती राज और निकायों के चुनाव हर पांच साल में होने चाहिए, लेकिन सरकार जानबूझकर इन्हें टाल रही है। नेताओं ने इसे संविधान के विरुद्ध बताया। कांग्रेस पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान नहीं किया और चुनावों में पारदर्शिता नहीं बरती, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से भाजपा की नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का आह्वान किया। विधायक घोगरा ने कहा कि कांग्रेस का यह अभियान न केवल पार्टी को संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाएगा, बल्कि जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए एक मजबूत आवाज भी बनेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *