रतलाम. अगले शैक्षणिक सत्र से हाईस्कूल और हायर सेकंडरी की परीक्षा शुल्क में माशिमं ने बढ़ोतरी कर दी है। अब नियमित विद्यार्थियों को 1500 और स्वाध्यायी को 1600 रुपए जमा करवाना होंगे।
जारी सूचना के अनुसार इसके साथ ही माशिमं ने नामांकन शुल्क भी बढ़ाकर 500 रुपए करने का फैसला किया है। बढ़ी हुई फीस को लेकर माशिमं ने पत्र भी जारी कर दिया है जो अगले सत्र 2026-27 से लागू होगी। बता दे की इसके पूर्व छत्तीसगढ़ सरकार ने इस प्रकार की वृद्धि की थी। उसके बाद मध्यप्रदेश में इस प्रकार की वृद्धि करने का निर्णय लिया है।
डीएलएड की शुल्क भी बढ़ाया
डीएलएड की परीक्षा शुल्क भी बढ़ा दी गई है। नियमित विद्यार्थी को सारे विषयों के लिए 7 हजार रुपए देना होंगे जबकि दूसरे अवसर के लिए दो विषय तक तीन हजार, चार तक के पांच और चार से अधिक विषय के लिए सात हजार रुपए शुल्क होगा।
यह भी तय किया
हाईस्कूल और हायर सेकंडरी की संबद्धता लेने के लिए सरकारी और निजी स्कूलों की फीस अलग-अलग तय की गई है। 10वीं की नई संबद्धता सरकारी स्कूलों के लिए 20 हजार, निजी के लिए 22 हजार, 12वीं की नवीन संबद्धता के लिए सरकारी को 27 और निजी स्कूलों को 30 हजार रुपए देना होंगे। 10वीं नवीनीकरण के लिए सरकारी को सात, निजी को आठ और 12वीं की नवीनीकरण के लिए सरकारी को नौ और निजी को 10 हजार रुपए देना होंगे।
डीएलएड संबद्धता दो लाख रुपए
डीएलएड के लिए पहली बार संबद्धता लेने का शुल्क दो लाख रुपए तय किया है। इसके अलावा प्रत्येक 50 विद्यार्थी के नवीन इंटेक पर भी दो लाख रुपए लगेंगे। नवीनीकरण में प्रत्येक 50 विद्याथी के लिए प्रति वर्ष 30 हजार रुपए, 100 तक के लिए 60 हजार और 150 के लिए 90 हजार रुपए की फीस तय की है।


