बड़वानी में नए साल के शुरुआती 16 दिनों में ठंड का असर कम रहा है। उत्तरी हवाओं में नमी की कमी और धीमी गति के कारण ऐसा हुआ। शनिवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे, जिससे दिन-रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। कृषि विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 88 प्रतिशत रही और हवा की गति 0.0 किलोमीटर प्रति घंटा थी। गुरुवार को अधिकतम तापमान 19.9 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री था। विशेषज्ञ बोले-बेहतर उत्पादन के लिए कड़ाके की ठंड जरूरी मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, रबी सीजन की फसलों की स्थिति फिलहाल बेहतर है, लेकिन अच्छे उत्पादन के लिए वातावरण में ठंडक आवश्यक है। पिछले साल जनवरी में मावठे की स्थिति बनी थी, जबकि इस बार कड़ाके की ठंड का इंतजार है। हालांकि, रात और सुबह के समय ठंडक बनी हुई है, लेकिन उत्तरी हवाओं की गति धीमी होने से दिन में ठंड का असर कम हो गया है। महीने के अंत में कड़ाके की ठंड का अनुमान मौसम विशेषज्ञ रवींद्रसिंह सिकरवार ने बताया कि आगामी दिनों में दिन और रात के तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी होगी। बारिश या बूंदाबांदी की संभावना नहीं है, लेकिन महीने के अंत तक कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल फसलों की स्थिति संतोषजनक है।


