शामली में आयकर वकील पर क्लाइंट ने हमला किया:गवाही के लिए दबाव बनाने पर दी धमकी, मोबाइल भी फेंका

शामली में आयकर वकील पर क्लाइंट ने हमला किया:गवाही के लिए दबाव बनाने पर दी धमकी, मोबाइल भी फेंका

शामली के पटेल नगर कॉलोनी में एक आयकर वकील पर उसके क्लाइंट ने हमला कर दिया। हमलावर ने वकील के कार्यालय से सीसीटीवी कैमरे की चिप भी निकाल ली। पीड़ित वकील ने अपने साथियों के साथ कोतवाली में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। यह घटना करीब शुक्रवार की सुबह 11:45 बजे हुई, जब पूर्व क्लाइंट हरविंदर उर्फ मुन्ना अपने बेटे मुकुल निवासी टिटौली के साथ आयकर वकील अमित वर्मा के कार्यालय पहुंचा। आरोपियों ने वकील के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की। उन्होंने वकील को मोटरसाइकिल सहित जिंदा जलाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। हमलावर मुन्ना और उसके बेटे ने वकील के कार्यालय से सीसीटीवी कैमरे की चिप निकाल ली। उन्होंने वकील और उसके सहयोगी का मोबाइल फोन भी जमीन पर फेंक दिया और धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित वकील अमित वर्मा ने बताया कि आरोपी हरविंदर उर्फ मुन्ना के खिलाफ उसके व्यापारिक साझेदार द्वारा 420 (धोखाधड़ी) का एक मुकदमा चल रहा है। इस मामले में आरोपी अंतरिम जमानत पर बाहर है और वकील पर अपने पक्ष में गवाही देने का दबाव बना रहा था। गवाही न देने पर ही उसने यह धमकी दी और हमला किया। पीड़ित वकील की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर सचिन कुमार ने बताया कि शिकायत मिल गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *