फिरोजाबाद। जनपद के शिकोहाबाद स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब आयकर विभाग की तीन सदस्यीय टीम अचानक निरीक्षण के लिए पहुंची। अधिकारियों को देखते ही कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और संबंधित लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिकारियों ने बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे रजिस्ट्रार कार्यालय में प्रवेश किया और वहां मौजूद दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। इस अचानक हुई कार्रवाई से कर्मचारियों में बेचैनी साफ नजर आई, और कई लोग अपने कागजात व्यवस्थित करते दिखे। आयकर विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह एक नियमित जांच का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में किसी विशेष व्यक्ति या मामले को लक्षित नहीं किया गया है। विभाग समय-समय पर ऐसी जांच करता रहता है ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी अनियमितता को रोका जा सके। जांच टीम ने रजिस्ट्रार कार्यालय में लगभग दो घंटे तक दस्तावेजों की पड़ताल की। इस अचानक निरीक्षण के बाद पूरी तहसील में चर्चा का माहौल बना रहा। जब मीडिया ने अधिकारियों से उनके आने का उद्देश्य जानना चाहा, तो उन्होंने पहले कैमरा बंद करने को कहा और फिर पूरी बात बताने की बात कही।


