एनटीपीसी औरैया परियोजना में नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) नीति के तहत 07 फरवरी, 2026 को ‘उड़ान’ सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया गया। इस पहल का उद्देश्य परियोजना प्रभावित गांवों की महिलाओं और युवतियों को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना तथा स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना है। ‘उड़ान’ सिलाई प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से इन महिलाओं और युवतियों को तीन माह का व्यवस्थित एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण ऊषा इंटरनेशनल लिमिटेड सिलाई प्रशिक्षण केंद्र के सहयोग से संचालित हो रहा है, जिसका लक्ष्य प्रतिभागियों को सिलाई-कढ़ाई में दक्ष बनाकर आर्थिक रूप से सशक्त करना है। कार्यक्रम का शुभारम्भ एनटीपीसी औरैया के परियोजना प्रमुख श्री शुभाशीष गुहा ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप कुमार गुप्ता, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री तन्मय दत्ता, प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री आलोक अधिकारी, जागृति महिला मंडल की समिति सदस्याएँ और ऊषा अंतर्राष्ट्रीय लिमिटेड, सिलाई सेंटर, लखनऊ के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री आलोक त्रिपाठी उपस्थित रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। ऊषा अंतर्राष्ट्रीय लिमिटेड, सिलाई सेंटर, लखनऊ के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री आलोक त्रिपाठी ने तीन माह के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा, नियमावली और महत्वपूर्ण जानकारियाँ विस्तार से साझा कीं। परियोजना प्रमुख श्री शुभाशीष गुहा ने अपने संबोधन में उपस्थित महिलाओं और कन्याओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “कौशल विकास ही आत्मनिर्भरता की आधारशिला है।” परियोजना प्रभावित गाँवों से आई 30 महिलाओं एवं युवतियों ने अपना परिचय देते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेने की इच्छा व्यक्त की। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, उनके आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित करने में प्रभावी सिद्ध होगा। एनटीपीसी औरैया की यह पहल सामाजिक दायित्वों के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।


