बुरहानपुर में गुरुवार को एसपी देवेंद्र पाटीदार ने थाना शाहपुर परिसर में एक नए कॉन्फ्रेंस हॉल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और स्टाफ उपस्थित रहे। एसपी के अनुसार, यह नया सभा कक्ष आधुनिक सुविधाओं और तकनीकी संसाधनों से सुसज्जित है। इस कॉन्फ्रेंस हॉल का उपयोग विभागीय बैठकों, अपराध समीक्षा, कानून-व्यवस्था संबंधी मीटिंग, पुलिस कर्मियों के प्रशिक्षण, ब्रीफिंग और जन जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन के लिए किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में एसडीओपी नेपानगर निर्भय सिंह अलावा, रक्षित निरीक्षक सुनील दीक्षित, थाना प्रभारी शाहपुर अखिलेश मिश्रा और थाना शाहपुर का समस्त स्टाफ तथा ग्राम रक्षा समिति के सदस्य मौजूद थे। पुलिस अधीक्षक ने सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रेरित किया। यह हॉल विशेष रूप से त्योहारों से पहले आयोजित होने वाली शांति समिति की बैठकों के लिए महत्वपूर्ण होगा। पहले थानों में पर्याप्त जगह न होने के कारण ऐसी बैठकें अक्सर शाम के समय परिसर में आयोजित करनी पड़ती थीं, जिससे असुविधा होती थी। नए हॉल से यह समस्या दूर हो जाएगी।


