मिर्जापुर के छानबे विकास खंड में शनिवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय वृहद पशु आरोग्य मेला का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने दीप प्रज्वलित कर इस मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर छानबे विधायक रिंकी कोल, अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष इंजीनियर रामलौटन बिंद और मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि पशु आरोग्य शिविर ग्रामीण समाज, कृषि आधारित अर्थव्यवस्था और पशुपालन क्षेत्र के समग्र विकास का प्रतीक है। उन्होंने जोर दिया कि उन्नत पशुपालन तकनीकों, वैज्ञानिक पद्धतियां, संतुलित पशु आहार और वर्षभर हरित चारे की उपलब्धता से पशुपालकों व किसानों की उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी। इससे उनकी आय और जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा। पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पशुपालन को आधुनिक तकनीक, विज्ञान आधारित नेटवर्क, डिजिटल समाधान और स्वास्थ्य सेवा नेटवर्क के माध्यम से सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय गोकुल मिशन, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रम और पशुपालन अवसंरचना विकास निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख किया, जिनसे छोटे व सीमांत किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। इन प्रयासों से दूध उत्पादन में वृद्धि, रोग नियंत्रण और ग्रामीण आजीविका को मजबूती मिली है। केंद्रीय मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2025-26 के लिए पशुधन कल्याण हेतु 264.75 लाख रुपए का बजट आवंटित किया गया है। इसके तहत प्रदेश के 18 चिन्हित पशु बहुल क्षेत्रों में पशु आरोग्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में पशु चिकित्सा, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, कृमिनाशक दवापान और लघु शल्य चिकित्सा जैसी सेवाएं निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। बाल विकास परियोजना के स्टॉल पर उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की और उन्हें पौष्टिक आहार वितरित किया, साथ ही नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन भी कराया। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे इस शिविर का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने पशुधन को स्वस्थ व उत्पादक बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भागीदार बनें।


