नार्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लॉइज यूनियन की जोधपुर शाखा के नए मंडल कार्यालय का उद्घाटन रविवार को ऑल इंडिया रेलवे मैंस फैडरेशन के महामंत्री शिवगोपाल मिश्र ने किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में रेलवे कर्मचारियों के अधिकारों,उनकी समस्याओं के समाधान और संगठन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। यूनियन के जोनल अध्यक्ष मनोज परिहार ने बताया कि जोधपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते यूनियन के मंडल कार्यालय को रेलवे स्टेशन रोड स्थित हरीश जोशी मार्ग से स्थानांतरित कर अब जोधपुर रेलवे वर्कशॉप के पास नए परिसर में स्थापित किया गया है। नए कार्यालय के शुरू होने से रेलवे कर्मचारियों को संगठन से जुड़े कार्यों और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। यूनियन कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध यूनियन के जोनल अध्यक्ष एवं मंडल मंत्री मनोज परिहार ने नए कार्यालय के आवंटन और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर अनुराग त्रिपाठी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यूनियन हमेशा रेलवे कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा,उनकी समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रही है। कार्यक्रम में फैडरेशन की राष्ट्रीय कन्वेनर प्रवीणा सिंह,यूनियन के महामंत्री मुकेश माथुर जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी तथा उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की मंडल अध्यक्ष निष्ठा त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) मनोहर सिंह का माला,साफा और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी,यूनियन पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रारंभ में मंडल अध्यक्ष महेंद्र व्यास ने स्वागत किया। रेलवे यूनियन महिला विंग ने मनाया महिला दिवस नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लॉइज यूनियन की जोधपुर मंडल महिला विंग के तत्वावधान में रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महिला कर्मचारियों के योगदान को सराहा गया तथा उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिला रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिला दिवस के महत्व पर विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि आज महिलाएं रेलवे सहित हर क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ कर रही हैं तथा समाज और संगठन के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इस अवसर पर ऑल इंडिया रेलवे मैंस फेडरेशन के महामंत्री शिवगोपाल मिश्र,राष्ट्रीय कन्वेनर प्रवीणा सिंह,यूनियन के महामंत्री मुकेश माथुर, जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी तथा रेलवे महिला कल्याण संगठन की जोधपुर मंडल अध्यक्ष निष्ठा त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में समन्वित और निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। त्रिपाठी ने आश्वस्त किया कि रेलवे में कार्यरत महिला कार्मिकों को कार्य स्थल पर किसी भी समस्या का सामना नही करना पड़ेगा और इसके लिए मंडल सदैव सजग है। इन महिला कर्मचारियों का हुआ अभिनंदन इस अवसर पर कार्यक्रम में अतिथियों ने नेहा माथुर, अंजलि धाकड़, अरुणा गोयल, मनीषा, श्यामलता, सुमेर कंवर, मुमल, शालिनी चौहान, कांता चौधरी व सुलेखा को उत्कृष्ट रेल सेवाओं के लिए सम्मानित किया। सभी सम्मानित महिला कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।


