उन्नाव के दही थाना क्षेत्र के जाफर खेड़ा गांव के पास एक युवक की पानी से भरी खंती में डूबने से मौत हो गई। शनिवार सुबह उसका शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान खंभार खेड़ा गांव निवासी 24 वर्षीय दीपू यादव पुत्र रामचंद्र यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दीपू यादव शुक्रवार रात करीब 10 बजे घर से निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने जाफर खेड़ा गांव से करीब 500 मीटर दूर सड़क किनारे बनी पानी की खंती में एक शव पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान दीपू यादव के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना तेजी से फैल गई, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल मृतक के परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर थाना दही पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच में युवक की मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे बनी खंती में पानी भरा हुआ था और रात के अंधेरे में संभवतः युवक का संतुलन बिगड़ने से वह उसमें गिर गया। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को खंती से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है, लेकिन जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने बताया कि दीपू मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।


